
Weather Alert Issued for Five Himachal Districts : शिमला। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला और चंबा जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तूफान और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम का आनंद लेने शिमला पहुंच रहे पर्यटक मौसम में आए इस बदलाव के बीच राजधानी शिमला में पर्यटकों की आवाजाही जारी है। देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक यहां के सुहावने मौसम और पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। ठंडी हवाओं, बादलों से ढकी पहाड़ियों और धुंध के बीच पर्यटक शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर घूमने का आनंद ले रहे हैं। बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट ने मैदानी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों को सर्दियों जैसा अनुभव दिया है।
हालांकि, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की जरूरत है। तेज हवाओं और अंधड़ के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा कमजोर संरचनाओं के आसपास जाने से बचना चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखनी चाहिए। मौसम के इस बदले मिजाज से जहां ठंड बढ़ गई है, वहीं शिमला का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है।