Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा विरोधी कार्यकर्ता की हुई हत्या के खिलाफ पठानकोट में भाजपा का प्रदर्शन

October 14, 2026

नशा विरोधी कार्यकर्ता की हुई हत्या के खिलाफ पठानकोट में भाजपा का प्रदर्शन

पठानकोट : मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में पठानकोट जिला भाजपा ने पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा की अध्यक्षता में स्थानीय वाल्मीकि चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में पठानकोट के विधायक अश्वनी शर्मा, भोआ की पूर्व विधायक सीमा कुमारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान विधायक अश्वनी शर्मा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और नशे का कारोबार रोकने में सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा लंबे समय से नशे के खिलाफ मुहिम चला रहे थे। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि वह नशा बेचने वालों के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। शर्मा ने आरोप लगाया कि झोटा को पहले प्रताड़ित किया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाजपा लगातार पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नशे के खिलाफ कार्रवाई करने के अपने दावों को जमीन पर लागू करने में नाकाम रही है। उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के कथित बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या को व्यक्तिगत दुश्मनी से जोड़कर देखना सरकार की जिम्मेदारी से बचने जैसा है। विधायक ने कहा कि पंजाब में नशे के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

ऐसे में सरकार को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण डर के माहौल में नहीं जीना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि परमिंदर सिंह झोटा की हत्या ने पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा नशा तस्करी पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जाए।

प्रदर्शन के दौरान जिला महासचिव राज कुमार गुप्ता, राज कुमार, प्रदीप रेनी, साउथ मंडल अध्यक्ष अमन शर्मा, नॉर्थ मंडल अध्यक्ष निपुण गुप्ता, योगेश ठाकुर, अनिल वासुदेव, दीपांशु घई, पंकज सरना, सन्नी कलेर, सुरेश पिंटू, अंकुश महाजन, लवनीश महाजन, मोहन लाल समयाल, अवतार सिंह, विक्की वर्मा और संजू महाजन, बिंदा सैनी, राहुल सैनी, नरेंद्र काला , पारस कश्यप, अमन , सतीश महाजन सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें