
करसोग: उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण, योजना विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समिति करसोग की बैठक आज समिति के अध्यक्ष एवं विधायक धर्मपुर चंद्र शेखर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में बिजली, पानी, सड़क सुविधा और यातायात बहाली, वन विभाग, शिक्षा विभाग, राजस्व, नगर पंचायत, पर्यटन और एनटीपीसी सहित अन्य विभागों से संबंधित 57 मामलें समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। जिनमें से अधिकतर मामलों का संबंधित विभागों द्वारा जनहित में मौके पर ही समाधान किया गया। इसके अतिरिक्त, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न विभागों के तहत होने वाले विभिन्न विकासात्मक कार्यो की भी समीक्षा की गई।
समिति के अध्यक्ष एवं विधायक धर्मपुर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की सभी विकासात्मक कार्याे को निर्धारित समयवधि में पूरा किए जाए और बैठक में की गई सभी कमिटमेंट को निर्धारित समय में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को इनका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार प्रभावी कार्य कर रही है। जिसके लिए दूध खरीद समर्थन मूल्य निरंतर बढ़ाया जा रहा है। प्राकृतिक विधि से उगाई जाने वाली फसलों हल्दी, मक्की और गेंहू का समर्थन मूल्य बढ़ा कर कच्ची हल्दी 150 रुपये, मक्की 50 रुपये और गेंहू 80 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदी जा रही है।
उन्होंने कहा कि करसोग उपमंडल में 33 दुग्ध उत्पादन समितियों के माध्यम से लगभग 3500 परिवार दुग्ध उत्पादन कार्य से जुड़ कर अपनी आय अर्जित कर रहे है। गत तीन वर्षो में करसोग क्षेत्र में दूध का उत्पादन बढ़कर दो गुणा हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना के अन्तर्गत पात्र लोगों का चयन किया जा रहा है। ताकि उन्हें लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सुख आश्रय, सुख शिक्षा योजना आदि के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी वन संबर्धन योजना से अधिक से महिला समूहों और युवक मंडलों को जोड़ा जाए ताकि इस महत्वकांक्षी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। उन्होंने वन विभाग से संबंधित मामलों का एफआरसी यानि वन अधिकार समितियों के माध्यम से समाधान करने के निर्देश दिए ताकि ऐसे मामलों का निपटारा समय पर सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने करसोग में प्राकृतिक आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए 8 ग्राम पंचायतों व नगर पंचायत करसोग के सामूहिक श्मशान घाट का पुनः निर्माण बीबीराम जी योजना सहित अन्य मदों से मिलने वाले बजट के माध्यम से करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम करसोग अलीशा चैहान ने समिति के अध्यक्ष एवं विधायक धर्मपुर चंद्र शेखर को शाॅल, टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश राज, कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, पूर्व ब्लाॅक अध्यक्ष हरि ओम शर्मा, डीडीओ, डीआरडीए मंडी गोपी चंद पाठक, डीएसपी चांद किशोर, समिति के सभी सरकारी, गैर सरकारी सदस्य, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
📍 Location: Mandi (Mandi)