Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी ने लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपए की 5 प्रमुख परियोजनाओं का किया उद्घाटन

October 16, 2026

PM मोदी ने लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपए की 5 प्रमुख परियोजनाओं का किया उद्घाटन

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रैंस के माध्यम से लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें लेह हवाई अड्डे का नया यात्री टर्मिनल, सामरिक सड़क संपर्क, बिजली और जल संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। लेह के कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपए की लागत से बना नया टर्मिनल 23,800 वर्ग मीटर में फैला है और सालाना 35 लाख यात्रियों की सुविधा के लिए तैयार किया गया है।

इसमें ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए भूतापीय ऊर्जा का उपयोग किया गया है। मोदी ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क भी राष्ट्र को समर्पित की। यह सड़क लेह को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ती है और सशस्त्र बलों के लिए वैकल्पिक सामरिक मार्ग उपलब्ध कराएगी। इससे जांस्कर घाटी के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजारों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने नौ मेगावाट की हनु लघु जलविद्युत परियोजना, दाह-हनु-खालत्सी ट्रांसमिशन लाइन और लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले शैलचित्र संरक्षण पार्क का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा, हिम सरोवर परियोजना के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जलाशय भी राष्ट्र को समर्पित किए गए। इनसे सिंचाई और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें