Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

कर्नाटक में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 4 लोगों की मौत, 14 घायल

October 16, 2026

कर्नाटक में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 4 लोगों की मौत, 14 घायल

नेशनल डेस्कः कर्नाटक में सड़क हादसों की दो घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। वहीं, दूसरी घटना में एक प्राइवेट बस सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। इस हादसे में आठ साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हुंसूर के पास बस और ट्रक की जोरदार टक्कर, चार लोगों की मौत
कर्नाटक के हुंसूर के पास पेरियपट्टना इलाके में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यहां केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही कावेरी एसी स्लीपर बस की एक ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

तीन मृतकों की पहचान हुई, एक की पहचान बाकी
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों की पहचान आफताब, साजेश (36) और सुनील के रूप में हुई है। ये तीनों मनकावु के रहने वाले थे। वहीं, चौथे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतकों के शव हुंसूर के अस्पताल में भिजवा दिए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बस और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह टूटा
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में बस और ट्रक को हुए भारी नुकसान को देखा जा सकता है। दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।

हुबली में भी हुआ बस हादसा, आठ साल की बच्ची की मौत
कर्नाटक में इससे पहले गुरुवार तड़के हुबली के पास भी एक बड़ा बस हादसा हुआ था। मुंबई से बेंगलुरु जा रही एक प्राइवेट बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी। इस बस में कुल 26 यात्री सवार थे। हादसे में आठ साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में बस का ड्राइवर भी शामिल है। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। यह दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। उस समय बस ‘चब्बी क्रॉस’ से कुछ ही आगे निकली थी। पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके कारण बस सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा गिरी।

बस में फंस गया था ड्राइवर का पैर, रेस्क्यू कर निकाला गया
हादसे के बाद बस का ड्राइवर अंदर ही फंस गया था। उसका पैर बस में फंसने के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रहा था और दर्द से परेशान था। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुंजन आर्य ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बस उछल गई और चालक का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हो गया। उन्होंने आठ साल की बच्ची की मौत की पुष्टि की। इस दुर्घटना में घायल 16 लोगों का इलाज जारी है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें