Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू दशहरा के दौरान 17 अक्तूबर से यातायात व्यवस्था में बदलाव

October 17, 2026

कुल्लू दशहरा के दौरान 17 अक्तूबर से यातायात व्यवस्था में बदलाव

कुल्लू: अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आम जनता की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला दंडाधिकारी डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तहत यातायात संबंधी आदेश जारी किए हैं। ये आदेश उत्सव के दौरान 17 अक्तूबर से 8 नवंबर तक विभिन्न चरणों में लागू रहेंगे।

यातायात मार्गों में बदलाव

17 अक्तूबर से 8 नवंबर तक ढालपुर चौक से कॉलेज गेट के बीच वाहनों की आवाजाही क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू मार्ग से होगी। कला केंद्र होकर जाने वाला मार्ग सभी वाहनों के लिए बंद रहेगा। हालांकि, सरकारी ड्यूटी तथा अति विशिष्ट व्यक्तियों के काफिले से संबंधित वाहनों को छूट रहेगी। फोर लेन सड़क से सरवरी की ओर आने वाले वाहन अखाड़ा बाजार स्थित बेली ब्रिज अथवा भूतनाथ पुल से जा सकेंगे। सरवरी और अखाड़ा बाजार से बाहर निकलने वाले वाहन भूतनाथ पुल का उपयोग करेंगे। 21 से 28 अक्तूबर तक लगवैली से कुल्लू आने वाले यातायात को नए बाईपास मार्ग से तथा भुट्टी चौक से लगवैली जाने वाले यातायात को डाकघर मार्ग से भेजा जाएगा।

कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए निम्नलिखित मार्गों पर 18 अक्तूबर से 8 नवंबर तक नो-पार्किंग एवं टो-अवे प्रतिबंध लागू रहेगा…

1. मोहल से ढालपुर चौक: मुख्य सड़क के रास्ते, सिटी अस्पताल मार्ग सहित।

2. कॉलेज चौक से ढालपुर चौक: क्षेत्रीय अस्पताल (आरएच), कुल्लू के रास्ते, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड कार्यालय सहित।

3. कॉलेज चौक से लोअर ढालपुर बायफ्रीकेशन: कलाकेंद्र, खंड विकास अधिकारी कार्यालय के रास्ते, कुल्लू सर्किट हाउस तक की सड़क सहित। लोअर ढालपुर बायफ्रीकेशन जनता ढाबा के समीप स्थित है।

4. ढालपुर चौक से रामशिला: सरवरी और अखाड़ा बाजार के रास्ते गैमन पुल तक।

5. भुट्टी चौक से लुग वैली चौक: बाईपास सड़क के विभाजन तक शिशामाटी के रास्ते, सरवरी पुल तक बाईपास सड़क सहित।

6. सरवरी आयरन फ्लाईओवर पुल से लोअर ढालपुर पुल: एकांत आश्रम सहित। यह मार्ग भगवान रघुनाथ जी की यात्रा का मार्ग है।

माल चढ़ाने-उतारने का समय

20 से 28 अक्तूबर तक राइट बैंक पर भुंतर के सैनिक चौक से रामशिला स्थित गैमन पुल तक माल चढ़ाने और उतारने वाले वाहनों के लिए प्रतिदिन रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

20 से 28 अक्तूबर तक दशहरा उत्सव के लिए तैनात विशेष बसों को छोड़कर अन्य भारी मोटर वाहनों को झिड़ी और गैमन पुल के पास फोर लेन सड़क से भेजा जाएगा।

कॉलेज गेट के पास अस्थायी बस अड्डा

17 अक्तूबर से 8 नवंबर तक पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कॉलेज गेट के समीप पशु मैदान में अस्थायी बस अड्डा संचालित किया जाएगा।

कुल्लू शहर में 18 स्थानों पर 2 हजार वाहनों की पार्किंग सुविधा

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा लोगों को पार्किंग की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन ने कुल्लू शहर में 18 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। यह व्यवस्था 18 अक्तूबर से 8 नवंबर, 2026 तक लागू रहेगी।

जारी आदेश के अनुसार, इन पार्किंग स्थलों पर कुल 2,000 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता निर्धारित की गई है। इनमें हल्के वाहनों के लिए सशुल्क पार्किंग स्थल तथा बसों और भारी वाहनों के लिए निर्धारित स्थान भी शामिल हैं।

निर्धारित पार्किंग स्थलों में वन विभाग मैदान ओ एल एस स्कूल के समीप, मोनाल कैफे के समीप नगर परिषद पार्किंग, कैटल ग्राउंड, पर्यटन होटल सरवरी के सामने, खोरी रोपा में एचआरटीसी बस अड्डा लोअर ढालपुर के सामने, कैलाश थिएटर सरवरी, अखाड़ा बाजार टापू पुल, विपाशा मार्केट, सब्जी मंडी, सरवरी बैक साइड मार्केट, डीएवी स्कूल मैदान मोहल, कैंब्रिज स्कूल के सामने मोहल, गांधी नगर पेट्रोल पंप के समीप, पुराना बस अड्डा अखाड़ा बाजार, मिनी सचिवालय, कुल्लू वैली शॉल शोरूम के पास, शनि मंदिर के समीप तथा शांगरी बाग में रामशिला पुल के पास के स्थान शामिल हैं।

जिला दंडाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों के निवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहन सड़कों पर खड़े न करें। सड़क पर वाहन खड़े करने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपने वाहनों को निजी परिसर अथवा प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने का आग्रह किया है।
जिला दंडाधिकारी ने आम जनता, वाहन चालकों और संबंधित हितधारकों से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है, ताकि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें