Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

बलरामपुर पर हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान

October 18, 2026

बलरामपुर पर हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान

यूपी डेस्कः उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर पर्दे पर वीडियो देख रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल चार लोगों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे थे लोग
यह घटना बलरामपुर जिले के चिरगहियां बेलहा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात गांव में दुर्गा पूजा का आयोजन चल रहा था। पंडाल के बाहर सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो दिखाया जा रहा था। कई लोग वहां बैठकर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और लोगों को टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोग घायलों की मदद के लिए दौड़े और पुलिस को घटना की सूचना दी।

हादसे में तीन लोगों की मौत, चार घायल
पुलिस के मुताबिक, हादसे में कुल सात लोग घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पतेश्वरी (50) के रूप में हुई है। हादसे में घायल चार लोगों का इलाज जारी है। इनमें से छेदी राम (45) और डब्लू (35) की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच के अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों को जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

हादसे के बाद मौके से भागा कार चालक, पुलिस ने पकड़ा
घटना के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की और चालक को रोक लिया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। शहर पुलिस अधिकारी अभिषेक सिंह के अनुसार, कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चिरगहियां बेलहा गांव में कुछ लोग सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में एक वाहन ने लोगों को टक्कर मार दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और चार लोग घायल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
बलरामपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर में हुई दुर्घटना में लोगों की असमय मृत्यु बेहद दुखद है। उन्होंने शोक में डूबे परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

 

मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है। सीएम योगी ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति मिले और घायल लोग जल्द स्वस्थ हों।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। एक धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस दुर्घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना कैसे हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें