
नई दिल्ली: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई पांच मैचों की टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन का बचाव किया है। उनका मानना है कि आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों से हर मैच में एक जैसा प्रदर्शन करने की उम्मीद नहीं की जा सकती।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रहने के बाद बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के कैंपेन पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से खेलने वाले बल्लेबाज से हर मैच में बड़े स्कोर की उम्मीद नहीं की जा सकती।
अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन हाल के मैचों में वह पहले जैसी निरंतरता नहीं दिखा पाए हैं। इस पर आकाश चोपड़ा ने माना कि युवा ओपनर अपने मानकों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मैचों के आधार पर किसी खिलाड़ी को लेकर जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।
आकाश ने ‘जियोस्टार’ को बताया, “पिछले मैच में जब उन्हें अधिक स्ट्राइक नहीं मिली, तो वह थोड़ी खराब फॉर्म में लग रहे थे। उन्हें बिल्कुल भी लय नहीं मिली, और इस गेम में जो कुछ भी हुआ, उसे नजरअंदाज कर देते हैं। इसी कारण वह सीरीज में अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से थोड़ा नीचे थे, लेकिन ऐसा भी होने वाला है।”
अभिषेक शर्मा के हालिया प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव की चर्चा करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि क्रिकेट में किसी बल्लेबाज की स्थिति एक सीरीज से दूसरी सीरीज के बीच बहुत जल्दी बदल सकती है। उन्होंने याद दिलाया कि अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक ने शानदार प्रदर्शन किया था, जिसमें एक शतक और 70 रन की पारी भी शामिल थी। हालांकि, चोपड़ा का मानना है कि उन पारियों को हर अगली सीरीज के लिए मापदंड नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आक्रामक बल्लेबाजों के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक होता है और कुछ मैचों के आधार पर किसी खिलाड़ी का आकलन करना सही नहीं है।
उन्होंने कहा, “यह उस तरह के क्रिकेट की एक और सच्चाई है जिसे आप खेलते हैं। आप हमेशा पाएंगे कि कोई सीरीज हो सकती है, जैसे हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ, जहां अभिषेक ने एक गेम में सेंचुरी और दूसरे में 70 रन बनाए, लेकिन फिर एक और सीरीज होगी जहां वह एक गेम में आसानी से आउट होंगे, फिर एक और बार आसानी से अपना विकेट गंवा देंगे,, एक अच्छी इनिंग खेलेंगे, और फिर दूसरे में एक अच्छी गेंद पर आउट होंगे। ये चीजें होने वाली हैं। जो कोई भी 200 के स्ट्राइक रेट से खेलता है, उसे ऐसे कुछ मैच खेलने को मिलते हैं। वह लगातार रन बनाता रहेगा – यह हमारी गलतफहमी है।”