Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार, यात्रियों को मिलेंगे अतिरिक्त विकल्प

October 18, 2026

रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार, यात्रियों को मिलेंगे अतिरिक्त विकल्प

6 Special Trains Proposed for Diwali and Chhath Rush : महेंद्रगढ़। त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बीकानेर मंडल ने छह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें से तीन ट्रेनें महेंद्रगढ़ रूट से गुजरने की संभावना है। हालांकि, अभी रेलवे बोर्ड की मंजूरी और संचालन की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। दैनिक रेलयात्री महासंघ ने रेलमंत्री से ट्रेनों को जल्द चलाने की मांग की है।

प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के यात्रियों को राहत मिल सकती है। इनमें से तीन ट्रेनों के महेंद्रगढ़ रूट से गुजरने की संभावना है। हालांकि, यात्रियों को अभी इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन की आधिकारिक मंजूरी और समय-सारिणी का इंतजार है। रेलवे के बीकानेर मंडल की ओर से तैयार प्रस्ताव को मंडल रेल प्रबंधक के अनुमोदन के बाद रेलवे बोर्ड की स्वीकृति और संबंधित रेलवे की सहमति के लिए भेजा गया था।

उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक की ओर से छह अगस्त को जारी पत्र में इन ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव रखा गया था। प्रस्ताव तैयार करते समय यात्रियों की सुविधा के साथ कोचिंग टर्मिनल, संचालन मार्ग, रखरखाव और बिजली से संबंधित व्यवस्थाओं को भी ध्यान में रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार, पहली ट्रेन बीकानेर से दरभंगा के बीच चूरू, रेवाड़ी और दिल्ली होकर चलाई जा सकती है। दूसरी ट्रेन बीकानेर से सहरसा के बीच चूरू, रेवाड़ी और दिल्ली के रास्ते संचालित करने का सुझाव दिया गया है।

तीसरी ट्रेन हिसार से बेंगलुरु के बीच प्रस्तावित है। इसका मार्ग जयपुर, अजमेर, अहमदाबाद, वसई रोड, पुणे और हुबली होकर निर्धारित करने का सुझाव है। चौथी ट्रेन श्रीगंगानगर से हावड़ा के बीच बठिंडा, हिसार, डोभभाली, दिल्ली, अयोध्या और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होकर चलाने का प्रस्ताव है। इसी तरह पांचवीं ट्रेन हनुमानगढ़ से हावड़ा के बीच सादुलपुर, दिल्ली, अयोध्या और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होकर संचालित करने की योजना है। छठी ट्रेन हनुमानगढ़ से तिरुवनंतपुरम के बीच सादुलपुर, रतनगढ़, डेगाना, मारवाड़, आनंद, वसई रोड, पुणे, हुबली, कन्नूर और त्रिशूर होकर चलाने का सुझाव दिया गया है।

त्योहारी सीजन में लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षित सीटें मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलने और भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है। महेंद्रगढ़ क्षेत्र के रेल यात्रियों की नजर भी इस प्रस्ताव पर टिकी हुई है, क्योंकि प्रस्तावित ट्रेनों में से तीन के इस रूट से गुजरने की संभावना जताई जा रही है। दैनिक रेलयात्री महासंघ के अध्यक्ष रामनिवास पाटोदा ने रेलमंत्री से मांग की है कि प्रस्तावित छह स्पेशल ट्रेनों को जल्द से जल्द चलाया जाए, ताकि दीपावली और छठ पर्व पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

फिलहाल इन ट्रेनों को अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। रेलवे बोर्ड और संबंधित रेलवे की सहमति मिलने के बाद ही इनके संचालन की तारीख, समय-सारिणी और ठहराव सहित अन्य विवरण स्पष्ट हो सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें