
नई दिल्ली। दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने सुरक्षा जांच के दौरान एक संदिग्ध यात्री को पकड़ा है। यात्री के बैग की एक्स-रे जांच के दौरान एक घनी वस्तु दिखाई दी थी। इसके बाद जब जवानों ने जांच आगे बढ़ाई, तो यात्री ने वहां से भागने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क जवानों ने उसे स्टेशन के बाहर एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया।
CISF के मुताबिक, यात्री के सामान की तलाशी लेने पर उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में एक अज्ञात ठोस पदार्थ छिपा हुआ मिला। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बरामद पदार्थ क्या है और यात्री ने उसे वहां क्यों छिपाया था। पूछताछ के दौरान यात्री ने खुद को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय (NRI) बताया। हालांकि, उसकी पहचान और उसके दावे से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद CISF ने संदिग्ध यात्री और उसके सामान को आगे की जांच के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस बरामद पदार्थ की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे छिपाकर ले जाने के पीछे क्या कारण था। फिलहाल मामले की जांच जारी है। बरामद पदार्थ की पुष्टि और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।