Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘साडे बुजुर्ग, साडा मान’ से बुजुर्गों का सम्मान, 2.18 लाख वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन

October 19, 2026

‘साडे बुजुर्ग, साडा मान’ से बुजुर्गों का सम्मान, 2.18 लाख वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन

Amritsar Honours Seniors Under ‘Sade Buzurg, Sada Maan’ : अमृतसर। बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सरूप रानी सरकारी कॉलेज में ‘साडे बुजुर्ग, साडा मान’ के तहत जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया।

कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बताया कि जिले के करीब 2.18 लाख बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। समारोह में स्वास्थ्य सेवाओं, कानूनी सहायता और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए 14 स्टॉल भी लगाए गए।

समारोह में लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बुजुर्गों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके अनुभव और जीवन से मिली सीख समाज के लिए अनमोल हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाती है।

जिला अमृतसर में लगभग 2 लाख 18 हजार बुजुर्ग इस योजना का लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत बुजुर्गों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए कानूनी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत ए.एल.आई.एम.सी.ओ. के माध्यम से पात्र बुजुर्गों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, चश्मे, चलने की छड़ी और वॉकर जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने बुजुर्गों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन नंबर 14567 का लाभ उठाएं।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 14 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से बुजुर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं, कानूनी सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं संबंधी जानकारी एवं सहायता प्रदान की गई। सरूप रानी सरकारी कॉलेज फॉर गर्ल्स की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी असीस इंदर सिंह, प्रिंसिपल किरण कौर बल्ल और वरुण कुमार मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें