
शिमला। जिला के जुब्बल क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के एक मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान नेपाल निवासी 33 वर्षीय धीरेन्द्र थापा के रूप में हुई है, जो जुब्बल के गांव बाउली में मजदूरी करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शिमला के आईएसबीटी से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे नेपाल भागने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात साहिल नामक शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ हटकोटी से मंडोल की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोची के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-705 पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं, लेकिन व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़क से नीचे नाले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले। इससे पुलिस को किसी आपराधिक वारदात की आशंका हुई।
इसके बाद पुलिस थाना जुब्बल में 19 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मृतक के साथ झगड़े में शामिल दो व्यक्तियों के बारे में अहम सुराग मिले।
शराब पीने के दौरान हुआ था झगड़ा
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच झगड़ा हो गया, जिसके बाद धीरेन्द्र थापा की मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे छोड़ दिया, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और क्षेत्र से निकलने का प्रयास किया। वे खड़ापत्थर पहुंचे और वहां से एक पिकअप वाहन में लिफ्ट लेकर ठियोग के समीप पहुंचे। पुलिस की नाकाबंदी के डर से उन्होंने रात जंगल में बिताई। इसके बाद वे शिमला से नेपाल भागने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर आईएसबीटी शिमला में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय सूर्य दमाई उर्फ अनिश, निवासी जिला गुल्मी, नेपाल और 27 वर्षीय सुमन खड़का, निवासी जिला सल्यान, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
📍 Location: शिमला (शिमला)