Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, पांच मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार

October 23, 2026

मोगा में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, पांच मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पांच मामलों में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 110 ग्राम हेरोइन और 30 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए हैं। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी साउथ मोगा, थाना सदर मोगा, थाना बाघापुराना, थाना कोट ईसे खां और थाना बधनी कलां की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर गश्त और नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की।

सदर मोगा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

थाना सदर मोगा की पुलिस ने सद्दा सिंह वाला के क्षेत्र में गश्त के दौरान अभिजीत सिंह उर्फ विक्की पुत्र करमजीत सिंह, निवासी गांव निधांवाला, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 ग्राम हेरोइन बरामद की।

बाघापुराना पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

थाना बाघापुराना की पुलिस ने गांव राजेयाना के क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुलदीप कौर पत्नी तरसेम सिंह और कुलदीप कौर पत्नी ठाणा सिंह, निवासी गांव माहला कलां, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के कब्जे से चार ग्राम हेरोइन और 30 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए।

सिटी साउथ मोगा पुलिस ने 65 ग्राम हेरोइन पकड़ी

थाना सिटी साउथ मोगा की पुलिस ने साधांवाली बस्ती, मोगा में गश्त के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदित्त सिंह पुत्र माखन सिंह और बंटी पुत्र मंदर सिंह, दोनों निवासी साधांवाली बस्ती, मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 65 ग्राम हेरोइन बरामद की।

कोट ईसे खां पुलिस ने 15 ग्राम हेरोइन बरामद की

थाना कोट ईसे खां की पुलिस ने गांव मंदर के बस स्टैंड के बाहर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बलजिंदर सिंह उर्फ लाली पुत्र शेर सिंह, निवासी गांव गलोटी, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की।

बधनी कलां पुलिस ने 10 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी पकड़ा

थाना बधनी कलां की पुलिस ने गांव रामां के क्षेत्र में गश्त के दौरान धर्मप्रीत सिंह उर्फ हरमन पुत्र चरनजीत सिंह, निवासी गांव रानियां की पत्ती, जिला मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस की इन पांचों कार्रवाइयों में कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस द्वारा सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें