
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं के अंतर्गत आने वाले गांव गगड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात बदमाश ने गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके पर एक धमकी भरी चिट्ठी फेंककर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और मौके पर पहुंचकर गहन छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस गांव में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बदमाश किस रास्ते से आया था और वारदात के बाद किस तरफ भागा है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सोमवार देर रात एक मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ बदमाश गुरुद्वारा साहिब पहुंचता है। वह सबसे पहले गेट के अंदर एक चिट्ठी फेंकता है और इसके बाद इधर-उधर देखकर अपनी पिस्तौल निकाल लेता है। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि गोली चलाते समय उसकी पिस्तौल नीचे गिर जाती है, जिसे वह उठाकर दोबारा चेक करता है और गेट पर दो राउंड फायर करके वहां से भाग जाता है।
अकाली दल बादल के वर्कर गुरिंदर सिंह रूमी ने सोमवार देर रात करीब बारह बजे फोन कर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चिट्ठी में गुरुद्वारा साहिब के मुखी बाबा अमरजीत सिंह, खुद उनके यानी गुरिंदर सिंह रूमी और जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज के खिलाफ बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
चिट्ठी में मुख्य आरोप यह लगाया गया है कि गुरुद्वारा साहिब में अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोगों के आने पर उन्हें सिरोपा भेंट किया जाता है। इसी बात से रंजिश रखते हुए चिट्ठी में दोनों को आगामी चुनावों से पहले जान से खत्म करने की खुली धमकी दी गई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)
मेष: दिन शुभ रहेगा...