Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

टीवी इंडस्ट्री को लगा बड़ा झटका, CID के निर्माता बीपी सिंह का 77 साल की उम्र में हुआ निधन

October 27, 2026

टीवी इंडस्ट्री को लगा बड़ा झटका, CID के निर्माता बीपी सिंह का 77 साल की उम्र में हुआ निधन

एंटरटेनमेंट डेस्क : भारतीय टेलीविजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। आपको बता दें कि लोकप्रिय क्राइम सीरीज ‘CID’ के निर्माता-निर्देशक बृजेंद्र पाल सिंह, जिन्हें बीपी सिंह के नाम से जाना जाता था, उनका 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार, 27 अक्टूबर की सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके जाने से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और भारतीय मनोरंजन जगत में उनके योगदान को याद किया।

28 अक्टूबर को होगा बीपी सिंह का अंतिम संस्कार

बीपी सिंह का अंतिम संस्कार बुधवार, 28 अक्टूबर को किया जाएगा। हालांकि, अंतिम संस्कार का समय और जगह अभी नहीं बताई गई है। बीपी सिंह ने अपने करियर में कई हिट टीवी शोज बनाए। ‘CID’ और ‘आहट’ जैसे सीरियल ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई।

अशोक पंडित ने जताया दुख

बीपी सिंह के निधन से फिल्म निर्माता अशोक पंडित काफी दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अशोक पंडित ने बीपी सिंह को एक बेहतरीन निर्माता-निर्देशक और अच्छा इंसान बताया। उन्होंने यह भी बताया कि जब बीपी सिंह इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) के अध्यक्ष थे, तब उन्हें उनके साथ काम करने का मौका मिला था। अशोक पंडित ने कहा कि ‘CID’ और ‘आहट’ जैसे शोज के जरिए बीपी सिंह ने लाखों लोगों का मनोरंजन किया। उनका काम हमेशा याद किया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने बीपी सिंह के परिवार और करीबियों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी जाहिर कीं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Ashoke Pandit (@ashokepandit1)

‘CID’ से घर-घर में मशहूर हुए बीपी सिंह

देहरादून में जन्मे बीपी सिंह टीवी की दुनिया के जाने-माने निर्माता और निर्देशक थे। साल 1998 में शुरू हुए शो ‘CID’ ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इस शो में मुंबई पुलिस की एक टीम को मुश्किल मामलों की जांच करते और अपराधियों को पकड़ते हुए दिखाया जाता था। ‘CID’ कई सालों तक दर्शकों का पसंदीदा शो बना रहा। बीपी सिंह ने इस शो को बनाने और निर्देशित करने में अहम भूमिका निभाई थी। वह खुद भी शो में डीसीपी शमशेर सिंह चित्रोले के किरदार में नजर आते थे।

हॉरर शो ‘आहट’ से भी मिली पहचान

बीपी सिंह ने सिर्फ ‘CID’ ही नहीं, बल्कि मशहूर हॉरर शो ‘आहट’ भी बनाया था। यह शो साल 1995 में शुरू हुआ था और कई सालों तक टीवी पर प्रसारित हुआ। डरावनी कहानियों पर आधारित इस शो को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके अलावा, उन्होंने ‘खाकी’, ‘अभय’ और ‘सुपरकॉप्स वर्सेस सुपर विलेन्स’ जैसे शोज पर भी काम किया। अपने काम के जरिए उन्होंने टीवी की दुनिया में खास पहचान बनाई।

‘CID’ के नाम दर्ज है खास रिकॉर्ड

‘CID’ ने टीवी की दुनिया में एक खास रिकॉर्ड भी बनाया था। अक्टूबर 2004 में इस शो का एक एपिसोड लगातार 111 मिनट तक बिना कट के शूट किया गया था। इस उपलब्धि के लिए शो का नाम रिकॉर्ड बुक्स में दर्ज हुआ। इसके अलावा, साल 2010 में ‘CID गैलेंट्री अवॉर्ड्स’ की शुरुआत भी हुई थी। इन अवॉर्ड्स के जरिए बहादुरी के काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाता था।
बीपी सिंह ने अपने काम से भारतीय टेलीविजन पर गहरी छाप छोड़ी। ‘CID’ और ‘आहट’ जैसे लोकप्रिय शोज के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनके बनाए कार्यक्रम आज भी दर्शकों के बीच खास जगह रखते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें