Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा गोलीकांड: राजा वड़िंग ने पंजाब सरकार को घेरा, बोले- प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

October 27, 2026

मोगा गोलीकांड: राजा वड़िंग ने पंजाब सरकार को घेरा, बोले- प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल

पंजाब डेस्क: मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में हुए दोहरे हत्याकांड को लेकर पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान एवं सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पीड़ित परिवार के साथ दुख साझा करने उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगले दो-चार दिनों में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को साथ लेकर सड़कों पर उतरेगी और धरना देगी।

गौरतलब है कि रविवार देर शाम अंगदपुरा मोहल्ले में घर के बाहर बैठे चार लोगों पर काली स्कॉर्पियो में सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। मंगलवार को परिवार की सहमति के बाद दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाया गया और अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद राजा वड़िंग ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
पत्रकारों से बातचीत करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि प्रदेश में सरेआम गोलियां चलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोग अपने घरों के बाहर बैठे भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। अंगदपुरा में हुई घटना ने लोगों के मन में भय पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई हो।

इंटेलिजेंस को जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
राजा वड़िंग ने संभावित हमले को लेकर खुफिया तंत्र की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस या इंटेलिजेंस विभाग को पहले से किसी संभावित वारदात की जानकारी थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने मांग की कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या मोगा के सीआईडी या इंटेलिजेंस विंग के पास ऐसी कोई सूचना थी और यदि थी, तो क्या उसे संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषकर एसएसपी तक पहुंचाया गया था। उन्होंने कहा कि यदि किसी संभावित खतरे की जानकारी होने के बावजूद लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंध नहीं किए गए, तो इस मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साथ ही, यह भी जांच होनी चाहिए कि हमलावरों को वारदात को अंजाम देने का मौका कैसे मिला।

नाजायज हथियारों की सप्लाई पर जताई चिंता
कांग्रेस नेता ने पंजाब में अवैध हथियारों की उपलब्धता पर चिंता जताते हुए कहा कि कम उम्र के युवाओं तक हथियार पहुंचने की खबरें गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के रास्ते ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी से जुड़ी चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था बनाना भी जरूरी है।

डीजीपी से बातचीत का किया जिक्र
राजा वड़िंग ने बताया कि उनकी पंजाब पुलिस के कानून-व्यवस्था से संबंधित डीजीपी पी.के. सिन्हा से बातचीत हुई है। उनके अनुसार, पुलिस अधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों तक पहुंचने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अगले दो-चार दिनों में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के समर्थन में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार हो जाने का अर्थ यह नहीं है कि परिवार की न्याय की लड़ाई समाप्त हो गई है।

हथियार के लाइसेंस का मामला भी उठाया
राजा वड़िंग ने बताया कि पीड़ित परिवार ने हथियार के लाइसेंस को नवीनीकृत नहीं किए जाने का मुद्दा भी उनके सामने रखा है। परिवार के अनुसार, उनके पिता के हथियार का लाइसेंस रिन्यू नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के ध्यान में लाकर नियमों के अनुसार जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। राजा वड़िंग ने मांग की कि अंगदपुरा गोलीकांड की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा मकसद है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें