Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा; उपराज्यपाल ने यूएचक्यू बैठक की अध्यक्षता की

October 28, 2026

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा; उपराज्यपाल ने यूएचक्यू बैठक की अध्यक्षता की

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को श्रीनगर स्थित लोक भवन में यूनिफाइड हेडक्वार्टर (यूएचक्यू) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। बैठक में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, खुफिया एजेंसियों और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, मुख्य सचिव अटल दुल्लू, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, चिनार कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह और व्हाइट नाइट कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल मोहित सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उपराज्यपाल ने श्री अमरनाथ यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस और खुफिया एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उद्देश्यों को हासिल करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच वास्तविक समय में समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। मनोज सिन्हा ने आतंकवादियों को मिलने वाली आर्थिक और रसद सहायता रोकने, घुसपैठ के प्रयासों को विफल करने तथा आतंकवादी नेटवर्क को नष्ट करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने लोगों को गुमराह करने और कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाले नेटवर्क के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा बलों और पुलिस से जनता का विश्वास मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सुना जाए तथा उनका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सर्दियों के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की परिचालन तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपराज्यपाल ने उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें