Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, पांच मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार

October 30, 2026

मोगा पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, पांच मामलों में छह आरोपी गिरफ्तार

मोगा: जिला मोगा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में दर्ज पांच मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 64 ग्राम हेरोइन और 50 नशीली गोलियां बरामद करने का दावा किया है। ये कार्रवाई थाना धर्मकोट, थाना समालसर, थाना सिटी मोगा और थाना कोट ईसे खां की पुलिस टीमों ने गश्त के दौरान मुखबिर से मिली विशेष सूचनाओं के आधार पर की। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना धर्मकोट के अंतर्गत एएसआई जगदेव सिंह की पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुखवंत सिंह उर्फ सुख्खा निवासी बस्ती भाटेके, भोडीवाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी दिन थाना समालसर की पुलिस ने भी नशा तस्करी के मामले में कार्रवाई की। एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर तेजविंदर सिंह उर्फ तेजी पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी समालसर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 9 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस संबंध में थाना समालसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

तीसरे मामले में थाना सिटी मोगा की पुलिस ने एएसआई चरणजीत कौर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए प्रदीप सिंह पुत्र पाल सिंह, निवासी भगता भाई का, जिला बठिंडा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पुल सुआ के पास लिंक रोड क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर काबू किया गया। उसके कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

चौथे मामले में थाना सिटी मोगा की पुलिस ने कोटकपूरा बाईपास के नजदीक रेलवे पुल के पास कार्रवाई की। एएसआई मोहकम सिंह की टीम ने दिलप्रीत सिंह पुत्र हमराज सिंह, निवासी इंद्रा कॉलोनी, मोगा और करमदीप सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह, निवासी हाकम का अगवाड़, मोगा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 50 नशीली गोलियां बरामद कीं। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पांचवें मामले में थाना कोट ईसे खां की पुलिस ने बस अड्डा दौलेवाला के पास गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर रंदीप सिंह उर्फ दीपा पुत्र विरसा सिंह, निवासी दौलेवाला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस की इन पांचों कार्रवाइयों में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। बरामदगी में 64 ग्राम हेरोइन और 50 नशीली गोलियां शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें