Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu-Kashmir: शोपियां में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, जेल में बंद आतंकियों से जुड़े नेटवर्क के 10 सहयोगी गिरफ्तार

October 30, 2026

Jammu-Kashmir: शोपियां में आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़, जेल में बंद आतंकियों से जुड़े नेटवर्क के 10 सहयोगी गिरफ्तार

Jammu and Kashmir: पुलिस ने शुक्रवार को शोपियां में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल से जुड़े आतंकी फंडिंग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। इस दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आतंकी इकोसिस्टम के खिलाफ शोपियां पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध वित्तीय नेटवर्कों की गहन जांच के बाद जम्मू-कश्मीर में काम करने वाले एक ‘टेरर फाइनेंसिंग’ (आतंकी फंडिंग) मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण
जांच के दौरान, विभिन्न पेमेंट प्लेटफॉर्म के जरिए किए गए संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया गया, जिससे पैसों के लेन-देन के कई स्तरों का पता चला। जांच में अलग-अलग जेलों में बंद आतंकवादियों और उनके साथियों के आतंकी फंडिंग में शामिल होने का खुलासा हुआ है। इस मामले में अब तक आतंकवादियों के 10 सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

शोपियां पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई FIR
इसके तहत, शोपियां पुलिस स्टेशन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने ओवैस शफी नाइकू, तजामुल अहमद शाह, मोइज इकबाल, इमदाद यूसुफ गनी, साकिब जहूर वानी, आमिर अहमद गनी, फिरदौस ठोकर, लियाकत नजीर लोन, मोहम्मद हनीफ और काजू को गिरफ्तार किया है।

आम जनता से इकट्ठा कर रहे थे फंड
शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी गुप्त रूप से आम जनता से फंड इकट्ठा कर रहे थे और स्थापित वित्तीय माध्यमों के जरिए इस पैसे को लश्कर-ए-तैयबा की आतंकी गतिविधियों के लिए पहुंचा रहे थे। आरोप है कि इन फंड का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट (जिसमें स्मार्टफोन भी शामिल हैं) मुहैया कराने में किया जा रहा था।

आगे की जांच जारी
इस मॉड्यूल के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने, वित्तीय संबंधों की और गहराई से जांच करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है। अभी और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस की उस निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर आतंकी-समर्थन नेटवर्क को खत्म करने, अवैध वित्तीय चैनलों को बाधित करने और पूरे केंद्र शासित प्रदेश में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए काम कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें