
कैथल : पुलिस ने शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 306 किलो 330 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने गांव खेड़ी गुलाम अली में एक किरयाना दुकान और फतेहपुर की बलकार कॉलोनी में एक मकान पर कार्रवाई की। दोनों जगह से कुल 18 गत्ता पेटियां बरामद हुई हैं। संबंधित आरोपियों के पास पटाखे रखने और बेचने का लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। पहली कार्रवाई स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने गांव खेड़ी गुलाम अली में की।
यूनिट प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव निवासी विजय गर्ग उर्फ मोनू ने अपने मकान के नीचे बनी किरयाना दुकान में बिक्री के लिए अवैध पटाखे रखे हुए हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान के पीछे बने कमरे से छह गत्ता पेटियां मिलीं। इनमें 181 किलो 380 ग्राम पटाखे भरे हुए थे। आरोपी पटाखों के संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट नहीं दिखा सका। इसके बाद एलएफएम गुहला सतपाल सिंह की मौजूदगी में पटाखों की जांच और वजन कराया गया। पुलिस ने इस संबंध में थाना सीवन में मामला दर्ज किया है।
फतेहपुर से भी 125 किलो पटाखे बरामद :
दूसरी कार्रवाई पुलिस चौकी पूंडरी की टीम ने फतेहपुर की बलकार कॉलोनी में की। चौकी प्रभारी एएसआई ऋषि कुमार के नेतृत्व में एसआई रमेशचंद्र सिंह की टीम अनाज मंडी पूंडरी में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बलकार कॉलोनी निवासी सन्नी अपने मकान में बिना लाइसेंस छोटे पटाखे तैयार करता है और उन्हें बिक्री के लिए रखता है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से पटाखों की 12 गत्ता पेटियां बरामद हुईं।
दमकल केंद्र पूंडरी के इंचार्ज कश्मीर सिंह को मौके पर बुलाकर पेटियों का वजन कराया गया, जो 124 किलो 950 ग्राम निकला। आरोपी पटाखे बनाने और रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने इस मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज किया है। दोनों कार्रवाई में बरामद पटाखों का कुल वजन 306 किलो 330 ग्राम है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।