
Punjabi singer Sunanda Sharma News: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया गाना नहीं, बल्कि जयपुर में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान हुई एक चौंकाने वाली घटना है। स्टेज पर गाना गाते समय अचानक एक फैन उनके पास पहुंच गया। इस घटना से सुनंदा शर्मा बुरी तरह घबरा गईं और जोर से चीख पड़ीं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जयपुर में लाइव शो के दौरान हुआ हंगामा
‘जट्ट यमला’, ‘जानी तेरा ना’, ‘पागल नहीं होना’ और ‘चोरी चोरी’ जैसे कई हिट गानों से पहचान बनाने वाली सुनंदा शर्मा ने 30 अक्टूबर की शाम जयपुर के बस्सी दयारामपुरा स्थित आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में लाइव परफॉर्मेंस दी थी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और सुनंदा अपने गानों से दर्शकों का मनोरंजन कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक युवक स्टेज पर चढ़ गया। वह सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था और सीधे सिंगर के पास पहुंचने लगा। अचानक सामने युवक को देखकर सुनंदा शर्मा घबरा गईं और जोर से चीख पड़ीं।
View this post on Instagram
फैन को स्टेज पर देखकर घबरा गईं सुनंदा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सुनंदा शर्मा अपना गाना गा रही थीं। तभी एक युवक अचानक स्टेज पर पहुंच जाता है। इस घटना से सिंगर कुछ पल के लिए हैरान रह जाती हैं।
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की और युवक को पकड़कर स्टेज से नीचे उतार दिया। जब सुरक्षा कर्मचारी उस युवक को वहां से हटा रहे थे, तब सुनंदा शर्मा बार-बार ‘कोई बात नहीं, कोई बात नहीं’ कहती हुई सुनाई दीं। हालांकि, इस घटना के बाद सुनंदा तुरंत स्टेज से नीचे चली गईं। फिलहाल 34 वर्षीय सिंगर ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।
पहले भी परफॉर्मेंस के दौरान हो चुकी है ऐसी घटना
यह पहली बार नहीं है जब सुनंदा शर्मा को लाइव शो के दौरान इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले गाजियाबाद के RKGIT में भी उनके साथ एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना हुई थी। उस कार्यक्रम में परफॉर्मेंस के दौरान एक छात्र ने उन्हें छूने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, सुनंदा शर्मा ने बाद में बताया था कि उस लड़के ने उनसे माफी मांग ली है।
डिप्रेशन को लेकर भी खुलकर बात कर चुकी हैं सुनंदा
सुनंदा शर्मा अपनी निजी जिंदगी और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी खुलकर बात कर चुकी हैं। इससे पहले शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में उन्होंने डिप्रेशन से जूझने के अपने मुश्किल दौर के बारे में बताया था। सुनंदा ने बताया कि वह करीब 2 महीने और 17 दिनों तक खुद को कमरे में बंद करके अंधेरे में अकेली रही थीं। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के लोगों से भी लगभग बातचीत करना बंद कर दिया था।
उन्होंने बताया कि जब उन्हें भूख लगती थी, तब वह कमरे का दरवाजा खटखटाकर अपनी मां से खाना मांगती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि वह कुछ मनोचिकित्सकों (साइकियाट्रिस्ट) के पास गई थीं, लेकिन उन्हें ऐसा महसूस होता था कि कोई उनके दर्द को सही तरीके से समझ नहीं पा रहा है।