Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू दशहरा में शानदार प्रदर्शन करने वाले सूत्रधार कला संगम के कलाकार सम्मानित, लोकनृत्य प्रतियोगिता में हासिल किया दूसरा स्थान

November 2, 2026

कुल्लू दशहरा में शानदार प्रदर्शन करने वाले सूत्रधार कला संगम के कलाकार सम्मानित, लोकनृत्य प्रतियोगिता में हासिल किया दूसरा स्थान

कुल्लूः कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन तथा समाज सेवा के क्षेत्र में विगत 49 वर्षों से निरंतर सक्रिय हिमाचल प्रदेश की अग्रणी सांस्कृतिक संस्था सूत्रधार कला संगम, कुल्लू द्वारा सूत्रधार भवन के सभागार में पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह हाल ही में सम्पन्न हुए अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्था के लोकनृत्य दल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सेमी क्लासिकल नृत्य की शानदार प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के सम्मान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन, उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगिन्दर ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मंजू लता शर्मा एवं हितेश गोगी, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम महंत, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुडाल एवं संजय पुजारी तथा प्रबंधक उत्तम चन्द विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में सूत्रधार कला संगम के लोकनृत्य दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जो संस्था के साथ-साथ पूरे कुल्लू जिला के लिए गौरव की बात है । इसके अतिरिक्त संस्था के कलाकारों ने इस दशहरा उत्सव के दौरान कुल्लू के ऐतिहासिक लाल चन्द प्रार्थी कला केन्द्र में लोकनृत्य की चार उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा और भरपूर प्रशंसा मिली।

लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा एवं प्रशिक्षक सुंदर श्याम महंत के कुशल मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशन में लोकनृत्य दल के कलाकारों तरुण कान्त सभरवाल, चाँद, रजनीश ठाकुर, पवन ठाकुर, अक्षय, निशांत महंत, परीक्षित, तारा शर्मा, ट्विंकल ठाकुर, रेखा ठाकुर, रितिका, सुष्मिता, शबनम, शैलजा, ट्विंकल, धनवंती, संजय पुजारी एवं जीवन बुडाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से कुल्लू की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य शैलियों एवं सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की । वहीं, संस्था के सेमी क्लासिकल नृत्य दल ने भी अपनी आकर्षक एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर के नेतृत्व में रेखा ठाकुर, तारा शर्मा, सोनाक्षी शर्मा, सुष्मिता, निशा, इशिता, मोहिनी एवं कादम्बिनी शर्मा ने अपनी नृत्य प्रतिभा, उत्कृष्ट तालमेल एवं शानदार मंचीय कौशल का परिचय दिया। इसके अतिरिक्त, कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित शास्त्रीय संगीत गायन व वादन कार्यक्रमों में सूत्रधार संगीत अकादमी के प्रशिक्षुओं एवं कलाकारों पं० विद्या सागर, निशांत गौतम, जीवन बुडाल, संजय पुजारी, निशांत महंत, अमित महंत एवं दीनदयाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से शास्त्रीय संगीत में गायन व वादन की उत्कृष्ट छटा बिखेरी तथा संस्था की सांस्कृतिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समारोह के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कलाकारों की कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन, सामूहिक समर्पण एवं उत्कृष्ट मंचीय प्रदर्शन की मुक्त कंठ से सराहना की । उन्होंने कहा कि कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल कुल्लू की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक नृत्य शैलियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों एवं विरासत से जोड़ने का भी सराहनीय कार्य किया है।

इस अवसर पर संस्था की ओर से लोकनृत्य एवं सेमी क्लासिकल नृत्य दल के सभी कलाकारों को उनकी उपलब्धि, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया । संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि सूत्रधार कला संगम अपने 49 वर्षों के गौरवशाली सफर में कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है।

संस्था का मुख्य उद्देश्य नई प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, युवाओं को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना तथा हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, निष्ठा एवं समर्पण के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को आगे बढ़ाती रहेगी।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें