
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाटिया ने राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने और देश में अस्थिरता पैदा करने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अराजकता और तबाही में विश्वास करते हैं।
गौरव भाटिया ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत लोकतांत्रिक ढांचा, संविधान के प्रति सम्मान और पिछले 12 वर्षों से बनी राजनीतिक स्थिरता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत विपक्ष गैर-जिम्मेदाराना तरीके से काम कर रहा है और सरकार बदलने की बात करके संवैधानिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
BJP प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘भस्मासुर’ तक कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भाटिया ने कहा कि देश की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है और वह विपक्ष के नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखती है। उन्होंने राहुल गांधी के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के नेता लगातार सरकार बदलने की मांग करते रहेंगे, तो जनता उन्हें गैर-जिम्मेदार मान सकती है। ऐसी स्थिति में लोग खुद विपक्ष का विकल्प तलाशने लगेंगे। भाटिया ने दावा किया कि जनता विपक्षी नेताओं को उनकी राजनीति के लिए जवाबदेह ठहराएगी और उनके राजनीतिक भविष्य पर भी असर पड़ सकता है।
गौरव भाटिया ने कहा, “जो लोग सरकार बदलना चाहते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि देश की जनता विपक्ष को भी बदल सकती है। राहुल गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव को यह नहीं सोचना चाहिए कि अराजकता फैलाने से उन्हें राजनीतिक फायदा मिलेगा।” उन्होंने भरोसा जताया कि भारत का लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा।
गौरतलब है कि गौरव भाटिया की यह टिप्पणी दिल्ली में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस और प्रेस संबोधन के बाद आई है। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा और कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ‘रिजीम चेंज’ यानी शासन परिवर्तन शब्द का इस्तेमाल किया था या इस पर चर्चा की थी।
यह पूरा मामला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के आरोपों से जुड़ा है। इसी मुद्दे को लेकर BJP प्रवक्ता गौरव भाटिया ने विपक्ष पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत सरकार का विरोध करने के बजाय अराजकता की राजनीति कर रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...