Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिवाली से पहले रॉकेट की तरह उड़ा शेयर बाजार, सैंसेक्स 2,009 अंक चढ़ा

November 6, 2026

दिवाली से पहले रॉकेट की तरह उड़ा शेयर बाजार, सैंसेक्स 2,009 अंक चढ़ा

मुंबई : स्थानीय शेयर बाजार में दिवाली से पहले जश्न जारी है। बाजार में लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी रही और बीएसई सैंसेक्स करीब 2,009 अंक की छलांग लगा गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,500 अंक के पार पहुंच गया। अमरीकी मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष के समाधान की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के साथ यह तेजी आई। अमरीका में मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डैमोक्रेटिक पार्टी को अमरीकी संसद पर नियंत्रण मिल गया है।

इसके अलावा विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और अमरीकी बाजारों में जोरदार तेजी से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सैंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 % उछलकर 79,310.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,168.63 अंक की बढ़त के साथ 79,470.03 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 576 अंक यानी 2.40% चढ़कर 3 महीने के उच्चतम स्तर 24,536.60 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले 7 अगस्त को निफ्टी 24,550 अंक के स्तर के पार गया था। सैंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फाइनांस के शेयर में सबसे अधिक 7.77% की तेजी आई। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 5.80%, आईसीआईसीआई बैंक में 5.29%, मारुति 5.28%, महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.15% और बजाज फिनसर्व में 4.66% की बढ़त रही।

दूसरी ओर नुक्सान में रहने वाले शेयरों में एनटीपीसी, भारत इलैक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी शामिल हैं। पिछले लगातार 6 कारोबारी सत्रों में सैंसेक्स 6,063.98 अंक यानी 8.27% चढ़ा है, जबकि निफ्टी में 1,837.75 अंक यानी 8% की तेजी आई है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 7,284.03 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। शोध विश्लेषण कंपनी एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, भारतीय शेयर बाजार में लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी रही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें