Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर प्रशासन का जोर

November 6, 2026

सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर प्रशासन का जोर

no-manual-scavenging-cases-reported-in-shimla-district : शिमला। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। नगर निगम और स्थानीय निकायों के अधीन करीब 750 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें 425 रुपये प्रतिदिन के निर्धारित न्यूनतम वेतन के अनुसार भुगतान किया जा रहा है।

 
 
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं स्थानीय निकायों को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े सभी मामलों को प्राथमिकता दें तथा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप नियमित निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। *जिला में हाथ से मैला उठाने का कोई मामला नहीं* बैठक में नगर निगम शिमला, नगर परिषदों तथा नगर पंचायतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके अधिकार क्षेत्र में हाथ से मैला उठाने का कोई मामला सामने नहीं आया है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में नियमित सर्वेक्षण एवं निगरानी जारी रखें, ताकि इस प्रथा की पूर्ण समाप्ति सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि हाथ से मैला उठाने की अमानवीय प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा यह सुनिश्चित बनाएं कि जिला में कहीं भी हाथ से मैला उठाने की प्रथा प्रचलित न हो। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक में अधिनियम के प्रावधानों के क्रियान्वयन तथा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि नगर निगम शिमला तथा विभिन्न स्थानीय निकायों द्वारा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कुल 22 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा सफाई व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नगर निगम शिमला तथा विभिन्न स्थानीय निकायों द्वारा अस्वच्छ शौचालयों की पहचान एवं उन्हें नष्ट कर स्वच्छ शौचालयों के निर्माण संबंधी जानकारी भी साझा की गई। बैठक में नगर निगम शिमला की ओर से अवगत करवाया गया कि उसके अधीन आउटसोर्स एवं स्वयं सहायता समितियों के माध्यम से लगभग 750 सफाई कर्मचारियों से कार्य लिया जा रहा है।

इन कर्मचारियों को हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार निर्धारित 425 रुपये प्रतिदिन की दर से न्यूनतम वेतन प्रदान किया जा रहा है। स्थानीय निकायों में ठेकेदारों के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को भी निर्धारित न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है। बैठक में सफाई कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। नगर निगम शिमला एवं विभिन्न स्थानीय निकायों द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला के माध्यम से खंड स्तर पर भी सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण करवाए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें