
जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में मादक पदार्थ के संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार करने के प्रयास के दौरान हुई झड़प के बाद दो दिन पहले लापता हुए एक कांस्टेबल का शव शनिवार को दरधा नदी से बरामद किया गया। ‘टाइगर मोबाइल’ दस्ते में तैनात कांस्टेबल धनेश्वर का शव काको थाना क्षेत्र के एक छठ घाट के पास से बरामद किया गया।
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोटा किरण कुमार ने बताया कि जहानाबाद नगर थाने के ‘टाइगर मोबाइल’ दस्ते के तीन जवानों को सूचना मिली थी कि पड़ोसी गया जी जिले के बेलागंज का एक मादक पदार्थ तस्कर स्मैक की खेप पहुंचाने के लिए आने वाला है, जिसके बाद तीनों कांस्टेबल एसएस कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जब कांस्टेबलों ने मादक पदार्थ के संदिग्ध तस्कर को पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिसकर्मियों और कथित तस्कर गिरोह के सदस्यों के बीच झड़प हो गई।
कुमार ने बताया कि तीन में से दो पुलिसकर्मी तस्करों को गिरफ्तार कर थाने ले जाने में सफल रहे जबकि इस दौरान धनेश्वर लापता हो गए। अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल का सरकारी पिस्तौल, मोबाइल फोन, अंगूठी और बटुआ शव के साथ सुरक्षित बरामद किया गया। उन्होंने बताया, “इन सभी सामान को जब्त कर लिया गया है और उनकी विस्तृत सूची तैयार की गई है।” पुलिस ने बताया कि मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों का पता पोस्टमॉर्टम जांच के बाद ही चल सकेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...