Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिवाली पर मिट्टी के दीयों की बढ़ी मांग, चाइनीज सामान से लोगों का हुआ मोहभंग

November 9, 2026

दिवाली पर मिट्टी के दीयों की बढ़ी मांग, चाइनीज सामान से लोगों का हुआ मोहभंग

मोगा: देशभर में दिवाली का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। त्योहार को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर के विभिन्न बाजारों में रंग-बिरंगी लाइटों, सजावटी सामान, मिट्टी के दीयों, हटड़ियों और अन्य आकर्षक वस्तुओं के स्टॉल सजे हुए हैं। लोग भी अपने घरों को सजाने और दिवाली की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इस बार बाजारों में मिट्टी के दीयों और पारंपरिक सजावटी सामान की मांग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।

दिवाली के त्योहार में मिट्टी के दीयों का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा करने के बाद जब अयोध्या लौटे थे तो उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने घी के दीपक जलाकर खुशियां मनाई थीं। तभी से दिवाली पर दीप जलाने की परंपरा चली आ रही है। आज भी लोग इस परंपरा को कायम रखते हुए मिट्टी के दीयों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

बाजार में मिट्टी के दीये और हाथों से तैयार सजावटी सामान बेच रही एमए पास युवती ने बताया कि इस बार ग्राहकों की ओर से काफी अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पिछले वर्षों के मुकाबले मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ी है, जबकि चाइनीज सामान के प्रति लोगों का आकर्षण कम हुआ है। उसे अपनी पुश्तैनी परंपरा से जुड़े इस काम को करने में गर्व महसूस होता है। वह अपने बुजुर्गों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मेहनत से जुटी हुई है।

युवती ने बताया कि उसके स्टॉल पर उपलब्ध दीये, हटड़ियां और सजावटी सामान हाथों से तैयार किए गए हैं। इन्हें बनाने और सजाने में काफी मेहनत लगती है। इस बार ग्राहकों के लिए 11 और 21 दीयों वाली विशेष डिजाइन की हटड़ियां तथा घरों के मुख्य दरवाजों पर लगाने के लिए आकर्षक ‘शुभ दिवाली’ सजावटी पीस भी तैयार किए गए हैं।

उसने कहा कि हालांकि बाजार में कुछ चाइनीज सामान अभी भी बिक रहा है, लेकिन लोग अब स्वदेशी और पारंपरिक वस्तुओं को अधिक पसंद कर रहे हैं। मिट्टी के दीयों की बढ़ती मांग से छोटे दुकानदारों और कारीगरों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जगी है। ग्राहकों का सहयोग देखकर वह भी उत्साहित है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें