
मोगा: जिला मोगा में युवाओं और विद्यार्थियों को नशे तथा तंबाकू के सेवन से दूर रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है, जिला मजिस्ट्रेट-कम-डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिले की सीमा में हुक्का बार चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत अब जिले के किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या अन्य सार्वजनिक अथवा निजी स्थान पर हुक्का बार संचालित नहीं किया जा सकेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला मजिस्ट्रेट सागर सेतिया ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए ये आदेश जारी किए हैं। यह धारा पहले लागू दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के समान है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि जिले में कई स्थानों पर हुक्का बार संचालित होने की जानकारी सामने आई है, जहां तंबाकू सहित विभिन्न प्रकार के पदार्थों का सेवन करवाया जाता है। इस प्रकार के पदार्थों का इस्तेमाल लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। उन्होंने कहा कि हुक्का बार में तंबाकू उत्पादों का इस्तेमाल कोटपा (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के नियमों का उल्लंघन भी हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में हुक्का बारों पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हुक्का बार की बढ़ती प्रवृत्ति का सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ सकता है। विशेषकर स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों से दूर रखना बेहद जरूरी है। कम उम्र में तंबाकू और अन्य हानिकारक पदार्थों का सेवन करने से युवाओं का स्वास्थ्य प्रभावित होता है। इसलिए जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर स्वस्थ समाज का निर्माण किया जाए।
जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों तथा नाबालिगों से अपील की कि वे हुक्का और तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहें और किसी भी प्रकार के प्रलोभन में आकर अपने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जारी आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 188 के उल्लेख सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा कोटपा, एफएसएसएआई और ड्रग्स एवं कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित संस्थानों और कारोबारियों को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...