
नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 45 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
बिहार के छपरा जा रही थी यात्रियों से भरी बस
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि यह बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच बस पहले टोल प्लाजा के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस, SDRF और फायर विभाग ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी टीमों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल हुए लोगों को लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य किया गया। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हादसे में 3 लोगों की मौत, 45 यात्री घायल
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर सभी मरीजों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। ब्रजेश पाठक के मुताबिक, हादसे में तीन यात्रियों को अस्पताल में मृत घोषित किया गया। इनमें से दो लोगों की मौत लोक बंधु अस्पताल में हुई, जबकि एक व्यक्ति ने KGMU में दम तोड़ा। वहीं, हादसे में घायल 31 यात्रियों को लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 13 अन्य घायलों का इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया हादसे का संज्ञान
लखनऊ में हुए इस भीषण सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताते हुए घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि हादसे में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अस्पताल पहुंचे, जांच के आदेश
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि किसी भी घायल के इलाज में लापरवाही न हो और सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने यह भी बताया कि हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच के बाद ही बस पलटने की असली वजह सामने आ पाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...