
मोगा: शहर में पुलिस और मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, फोरेंसिक साइंस की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस पार्टी इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, ताकि उनकी जांच की जा सके, लेकिन युवक रुकने की बजाय मोटरसाइकिल लेकर भागने लगे। इसी दौरान उनका मोटरसाइकिल फिसलकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद दोनों युवकों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा के मद्देनजर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की ओर से चलाई गई गोलियों से दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस कर्मचारियों ने बिना देरी किए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही वह स्वयं भी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल को पूरी तरह से पुलिस घेरे में लिया गया है। मौके से फायरिंग से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली हैं। युवकों के पास हैंडहेल्ड फायर आर्म्स होने की बात भी सामने आई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर रही है, ताकि फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके।
एसएसपी ने बताया कि घायल युवकों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड और पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों युवक किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: मोगा