Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर: 12 नवंबर से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग होगी शुरू

November 10, 2026

अमृतसर: 12 नवंबर से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग होगी शुरू

अमृतसर: पंजाब विधानसभा के आम चुनाव-2027 के मद्देनजर पंजाब के सभी जिलों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 12 नवंबर से शुरू होगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी अमृतसर लविंदरजीत सिंह ने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा निर्धारित एक अनिवार्य प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान केवल पूरी तरह से कार्यशील और चुनाव के लिए तैयार मशीनों का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आम चुनावों और उपचुनावों में इस्तेमाल की जाने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जाती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि फर्स्ट लेवल चेकिंग में सही पाई जाने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का ही विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल किया जाएगा। फर्स्ट लेवल चेकिंग की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में एफएलसी प्रक्रिया उनकी निगरानी में संपन्न होगी तथा इसकी निगरानी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग के स्तर पर भी की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एफएलसी की संपूर्ण प्रक्रिया की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी।

जिला मुख्यालय में दो डिस्प्ले स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनमें से एक एफएलसी स्थल पर और दूसरी उपायुक्त कार्यालय में स्थापित की गई है, ताकि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पूरी कार्रवाई को नजदीक से देख सकें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), पंजाब के मुख्यालय में भी पूरी प्रक्रिया की लाइव निगरानी के लिए विशेष स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके अलावा, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इन कार्यों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी दलविंदरजीत सिंह ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के दौरान उपस्थित रहने के लिए अपने प्रतिनिधियों को अधिकृत करें। उन्होंने कहा कि एफएलसी प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति से पारदर्शिता और अधिक मजबूत होगी, सभी संबंधित पक्षों में विश्वास बढ़ेगा तथा यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें