
IGMC Achievements in Healthcare : शिमला। प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला ने बीते एक वर्ष में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। अस्पताल में एक सितंबर 2025 से अब तक 6.94 लाख से अधिक मरीजों को OPD सेवाएं प्रदान की गई हैं, जबकि करीब 37 हजार मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया है। रोबोटिक सर्जरी, PET स्कैन और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से मरीजों को बेहतर एवं किफायती उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा तकनीक के विस्तार से लेकर रोबोटिक सर्जरी, PET स्कैन और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। IGMC प्रबंधन के अनुसार, एक सितंबर 2025 से अब तक अस्पताल में 6.94 लाख से अधिक मरीजों को OPD सेवाएं प्रदान की गई हैं, जबकि करीब 37 हजार मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया है। IGMC प्रबंधन की ओर से कमेटी हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) डॉ. राहुल राव ने अस्पताल का एक साल का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी विंग चामियाना में शिफ्ट होने के बाद भी IGMC में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है। अस्पताल में सभी OPD सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं और मरीजों को पहले की तरह उपचार की सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि IGMC प्रदेश का सबसे बड़ा चिकित्सा संस्थान है, जहां लगभग 1100 बिस्तरों की क्षमता उपलब्ध है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि मरीजों को आधुनिक तकनीक के साथ बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
डॉ. राहुल राव ने बताया कि अप्रैल माह में PET स्कैन सुविधा शुरू होने के बाद अब तक लगभग 750 मरीज इस जांच का लाभ उठा चुके हैं। IGMC में PET स्कैन के लिए करीब 10 हजार रुपये शुल्क लिया जा रहा है, जबकि निजी अस्पतालों में इसी जांच के लिए मरीजों को लगभग 15 हजार से 25 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। IGMC में आधुनिक चिकित्सा तकनीक के विस्तार की दिशा में रोबोटिक सर्जरी एक बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आई है। अस्पताल में 11 मार्च से रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई थी। इसके बाद से अब तक कुल 181 ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।
इन ऑपरेशनों में जनरल सर्जरी विभाग ने 87, गायनी विभाग ने 75 और प्रोस्थेटिक्स विभाग ने 19 सर्जरी की हैं। रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से जटिल ऑपरेशनों को आधुनिक तकनीक की सहायता से अंजाम दिया जा रहा है। इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि मरीजों को निजी अस्पतालों में जाने और लाखों रुपये खर्च करने की जरूरत कम हो रही है। निजी क्षेत्र में इस तरह की सर्जरी करवाने पर लगभग 3 लाख से 8 लाख रुपये तक खर्च आ सकता है। IGMC में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से भी बड़ी संख्या में मरीजों को उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है।
प्रबंधन द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार हिमकेयर योजना के तहत अब तक 1,46,277 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला है। इन मरीजों के उपचार पर प्रदेश सरकार की ओर से लगभग 312 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। हिमकेयर के अलावा केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत भी IGMC में हजारों मरीजों को उपचार की सुविधा प्रदान की गई है। प्रबंधन के मुताबिक इस योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 66,330 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। इन मरीजों के इलाज पर करीब 125 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।