
Kedarnath temple closed: केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शीतकाल के लिए विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बंद कर दिए गए। इस साल की यात्रा के दौरान 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हिमालय स्थित इस पवित्र धाम के दर्शन किए। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यह जानकारी दी।
कपाट बंद करने का समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों, वैदिक मंत्रोच्चार और सेना के बैंड की धुनों के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिर में मौजूद रहे। शीतकालीन अवकाश से पहले भक्तों ने बाबा केदार के अंतिम दर्शन किए।
हेमंत द्विवेदी ने इस अवसर को भावुक पल बताया और कहा कि सभी पारंपरिक अनुष्ठान सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं।
ये भी पढ़ें- पर्यटकों के लिए खुशखबरी! मनाली और गुलमर्ग में हुई ताजा बर्फबारी
बना नया रिकॉर्ड
उन्होंने कहा, “आज वह भावुक क्षण आ गया है। यह एक प्राचीन परंपरा है, जिसके तहत छह महीने नर की पूजा होती है और छह महीने नारायण की पूजा की जाती है। आज 11 नवंबर को सुबह कपाट… मैं इसे कपाट बंद होना नहीं कहूंगा, बल्कि यह कपाटों के मंगलम की परंपरा है। आज यहां सभी अनुष्ठानों का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।”
यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या का जिक्र करते हुए BKTC अध्यक्ष ने कहा, “इस बार एक नया रिकॉर्ड बना है। देश और दुनिया से आए 19.5 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार का आशीर्वाद प्राप्त किया।”
सुचारू रूप से यात्रा संपन्न कराने के लिए जताया आभार
उन्होंने यात्रा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में योगदान देने के लिए केदार सभा, तीर्थ पुरोहितों, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), पुलिसकर्मियों और जिला प्रशासन का आभार जताया।
द्विवेदी ने बताया कि अब यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। इसके तहत बाबा केदार की उत्सव डोली को उनके शीतकालीन गद्दीस्थल उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाएगा। उन्होंने उन श्रद्धालुओं से भी उखीमठ मंदिर में दर्शन करने की अपील की, जो इस बार केदारनाथ नहीं पहुंच सके।
ये भी पढ़ें- IPL में सबसे बड़ा उलटफेर! मुंबई छोड़ पंजाब पहुंचे हार्दिक, अर्शदीप की MI में एंट्री
सुबह 4 बजे शुरू हुई प्रक्रिया
इस बीच, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह 4 बजे प्रशासनिक अधिकारियों, BKTC प्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों और केदार सभा के सदस्यों की मौजूदगी में शुरू हुई थी।
22 अप्रैल को खुले थे कपाट
मिश्रा ने कहा, “श्री केदारनाथ धाम के कपाट, जो 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे, आज बंद कर दिए गए हैं। इस साल 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए।”
ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना होगी डोली
उन्होंने आगे बताया कि कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की उत्सव डोली उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना होगी, जहां सर्दियों के महीनों में बाबा केदार की पूजा-अर्चना जारी रहेगी।
शीतकाल के लिए बंद होते है कपाट
केदारनाथ धाम के कपाट हर साल शीतकाल के लिए बंद किए जाते हैं। इसके साथ ही वार्षिक केदारनाथ यात्रा का समापन हो जाता है। अगले साल अक्षय तृतीया के आसपास मंदिर के कपाट दोबारा खुलने की उम्मीद है।