
Delhi High Court closed: दिल्ली हाई कोर्ट और उसके अधीन आने वाली सभी अदालतें छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को बंद रहेंगी। इस दिन को अवकाश घोषित किया गया है। हाई कोर्ट ने बुधवार को एक नोटिफिकेशन जारी कर सोमवार, 16 नवंबर को हाई कोर्ट के साथ-साथ उसके अधीनस्थ न्यायालयों में भी छुट्टी घोषित की है।
इस छुट्टी के बदले हाई कोर्ट ने 21 नवंबर 2026 यानी महीने के तीसरे शनिवार को कोर्ट में कामकाज का दिन घोषित किया है। इसके अलावा, 12 दिसंबर 2026 यानी दूसरे शनिवार को भी हाई कोर्ट के अधीनस्थ न्यायालयों के लिए कार्यदिवस घोषित किया गया है।
ये भी पढ़ें- IPL में सबसे बड़ा उलटफेर! मुंबई छोड़ पंजाब पहुंचे हार्दिक, अर्शदीप की MI में एंट्री
17 को होगी सभी मामलों की सुनवाई
नोटिफिकेशन के मुताबिक, 16 नवंबर को दिल्ली हाई कोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में सूचीबद्ध सभी मामलों की सुनवाई अब मंगलवार, 17 नवंबर को होगी। इन मामलों के साथ 17 नवंबर के लिए पहले से सूचीबद्ध मामलों की भी सुनवाई की जाएगी।
अवकाश पर आया कैबिनेट मंत्री का पोस्ट
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री (कानून एवं न्याय) कपिल मिश्रा ने एक पोस्ट में कहा कि अब छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को दिल्ली हाई कोर्ट और संबंधित अन्य अदालतों में भी अवकाश रहेगा।
कपिल मिश्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “जय छठी मैया।”
यह नोटिफिकेशन कोर्ट के आदेश से रजिस्ट्रार जनरल रितेश सिंह द्वारा जारी किया गया है।