
मुंबई: भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ अब ऑस्कर 2027 की रेस में शामिल हो गई है। फिल्म के मेकर्स ने इसे 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में विचार के लिए सबमिट कर दिया है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म को ऑस्कर की दौड़ में शामिल करने के लिए आवेदन किया गया है।
खास बात यह है कि भारत की आधिकारिक एंट्री के रूप में मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को ऑस्कर की इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए चुना गया है। इसके बावजूद ‘रामायण’ जैसी दूसरी भारतीय फिल्में भी ऑस्कर के लिए आवेदन कर सकती हैं। यानी किसी देश की आधिकारिक एंट्री के अलावा भी अन्य फिल्में अपनी योग्यता के आधार पर ऑस्कर की दौड़ में शामिल हो सकती हैं।
दरअसल, ऑस्कर में किसी देश की आधिकारिक फिल्म का चयन और किसी फिल्म का स्वतंत्र रूप से सबमिशन करना दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। भारत की ओर से चुनी गई फिल्म को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलता है।वहीं, एकेडमी के नियमों को पूरा करने वाली दूसरी फिल्मों के निर्माता और वितरक भी अपनी फिल्मों को अलग-अलग कैटेगरी में विचार के लिए भेज सकते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत ‘रामायण’ के मेकर्स ने फिल्म को ऑस्कर 2027 के लिए सबमिट किया है।
ऑस्कर की रेस में शामिल होने के लिए फिल्मों को एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज के तय नियमों का पालन करना पड़ता है। इसके लिए फिल्म को अमेरिका के कुछ निर्धारित शहरों में लगातार कम से कम सात दिनों तक सिनेमाघरों में प्रदर्शित करना जरूरी होता है। इन शहरों में लॉस एंजिल्स, न्यूयॉर्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, डलास-फोर्ट वर्थ और अटलांटा शामिल हैं।
इस दौरान हर दिन फिल्म का कम से कम एक शो होना चाहिए। जरूरी शर्तें पूरी होने के बाद फिल्म के निर्माता या डिस्ट्रीब्यूटर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ फिल्म की थिएटर रिलीज और अन्य जरूरी जानकारियां भी देनी होती हैं। हालांकि, ऑस्कर के लिए फिल्म सबमिट होना और नॉमिनेशन मिलना अलग-अलग बातें हैं। सबमिशन के बाद एकेडमी के सदस्य फिल्मों पर विचार करते हैं और तय प्रक्रिया के अनुसार आगे का चयन होता है।
रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। खबर के मुताबिक, फिल्म 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के शुरुआती दिनों में ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने महज छह दिनों में दुनियाभर में 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे और लारा दत्ता समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।अब देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्कर 2027 के लिए सबमिट होने के बाद ‘रामायण’ आगे की चयन प्रक्रिया में कितना सफर तय कर पाती है।