पीसीएस परीक्षा लीक के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, फूंका पुतला
November 11, 2026
BJP Youth Wing Protests PCS Exam Leak : लुधियाना। पीसीएस परीक्षा लीक मामले को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना देकर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।
इसके बाद पुतला भी फूंका। इस अवसर पर युवा मोर्चा के प्रभारी दविंदर जग्गी एवं युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सौरव कपूर विशेष रूप से प्रदर्शन में शामिल हुए। इस मौके पर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजिंदर सिंह ने कहा कि पीसीएस परीक्षा लीक होना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मेहनत और लगन से परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के सपनों को इस प्रकार की घटनाएं गहरा आघात पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने मांग की कि पीसीएस परीक्षा लीक मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा इसमें संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए ताकि मेहनती और योग्य युवाओं को न्याय मिल सके। भाजपा युवा मोर्चा ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और युवा मोर्चा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करता रहेगा।
इस मौके पर अभिषेक सिंगल, विनीत बहल, साहिल दुग्गल, मनीष शर्मा, सौरिश भाटिया व्योम, रोहित सनन, हिमांशु मेहरा, साहिल सेठ, शोका वर्मा, सनी भाटिया, प्रिंस कपूर, करण सिंह, करण राणा, दीपू, अर्जुन कनोजिया, यज्ञ दत्त शर्मा, अभिषेक गौतम इत्यादि भाजपा युवा मोर्चा के सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे।