Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

रिहायशी इलाके में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

November 11, 2026

रिहायशी इलाके में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Massive Fire at Scrap Warehouse in Moga : मोगा। धर्म सिंह नगर में बुधवार देर शाम कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्लास्टिक और ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग आसपास के रिहायशी मकानों और वाहनों तक नहीं पहुंची। हादसे में लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया।

आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में पड़ा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। कबाड़ में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग से उठने वाले धुएं के घने गुबार आसमान में छा गए। दूर तक दिखाई दे रहे काले धुएं को देखकर आसपास के घरों में रहने वाले लोग सहम गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना का पता चलते ही मोहल्ला निवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें कई गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। ऐसे में दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछारें मारकर आग को बुझाने के साथ-साथ उसे आसपास के रिहायशी मकानों और खड़े वाहनों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। काफी देर तक चले अभियान के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। समय पर पहुंची दमकल टीम, आसपास के मकानों को बचाया फायर ब्रिगेड अधिकारी अरविंदर सिंह ने बताया कि गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही विभाग की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई थी। गोदाम में कबाड़ के साथ प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री पड़ी होने के कारण आग से भारी मात्रा में धुआं उठ रहा था। सबसे बड़ी चुनौती आग को बुझाने के साथ उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकना था, क्योंकि गोदाम के नजदीक रिहायशी मकान और वाहन खड़े थे।

स्थिति को देखते हुए छोटी और अतिरिक्त दमकल गाड़ियों की भी सहायता ली गई। कुछ गाड़ियों को लगातार पानी डालने के काम में लगाया गया, जबकि अन्य गाड़ियों को पानी भरने के लिए भेजा गया। दमकल कर्मियों की लगातार कोशिशों के चलते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और आसपास के मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। रिहायशी इलाके में कबाड़ के गोदामों की मौजूदगी पर उठे सवाल इस घटना ने शहर के पॉश रिहायशी इलाकों में कबाड़ के गोदामों और ज्वलनशील कचरे के भंडारण को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह चिंता बनी हुई है कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में इस तरह कबाड़ जमा करने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

विशेषकर प्लास्टिक और अन्य आग पकड़ने वाली सामग्री के ढेर आसपास रहने वाले परिवारों के लिए खतरा बन सकते हैं। फायर ब्रिगेड अधिकारी के अनुसार, ऐसे स्थानों पर आग लगने का खतरा हमेशा बना रहता है और इस संबंध में पहले भी संबंधित लोगों को सावधान किया जा चुका है। मामले को प्रशासन के ध्यान में लाने की बात कही गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें