Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

34 साल पुराने किडनैपिंग केस में पूर्व SSP रंधावा को 7 साल की कैद, लुधियाना से ट्रांसपोर्टर को उठाकर किया था गायब

November 12, 2026

34 साल पुराने किडनैपिंग केस में पूर्व SSP रंधावा को 7 साल की कैद, लुधियाना से ट्रांसपोर्टर को उठाकर किया था गायब

पंजाब डेस्क: लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी के अपहरण मामले में मोहाली की विशेष CBI अदालत ने पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी ठहराते हुए 7 साल की सजा सुनाई। मामले में तत्कालीन SSP समेत कई आरोपी पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि एक सुरक्षा गार्ड को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया।

शादी समारोह में पहुंचे ट्रांसपोर्टर को पुलिस टीम ने उठाया

पंजाब में करीब 34 साल पुराने अपहरण और लापता होने के मामले में आखिरकार अदालत का फैसला आ गया है। मामला लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी से जुड़ा है, जिन्हें 25 नवंबर 1992 को एक शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर पुलिस टीम अपने साथ ले गई थी। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

अमरीक सिंह अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने होटल अमलतास पहुंचे थे। इसी दौरान तरनतारन पुलिस की टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। परिवार का आरोप था कि इस कार्रवाई में तत्कालीन SSP अजीत सिंह संधू, DSP गुरमीत सिंह रंधावा समेत छह पुलिस अधिकारी शामिल थे।

परिवार ने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी कानूनी लड़ाई

अमरीक सिंह के लापता होने के बाद परिवार ने उनकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। साल 1996 में उनकी पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल की।

सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने अदालत को बताया कि अमरीक सिंह की मौत हो चुकी है। सरकार की ओर से उनके अंतिम संस्कार से संबंधित विज्ञापन भी पेश किए गए। हालांकि, परिवार ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखी।

इसी दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में अज्ञात और लावारिस शवों के अंतिम संस्कार से जुड़े मामलों की जांच CBI को सौंपी। अमरीक सिंह का मामला भी इस जांच में शामिल हुआ।

CBI जांच में पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ चार्जशीट

CBI ने जनवरी 1999 में मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की। फरवरी 2000 में अपहरण, अवैध हिरासत, सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों में नियमित केस दर्ज किया गया।

साल 2001 में CBI ने तत्कालीन DSP गुरमीत सिंह रंधावा, इंस्पेक्टर सूबा सिंह, SI सुरिंदर सिंह, कांस्टेबल परमिंदरजीत सिंह उर्फ बब्बू और ASI जसवंत सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।

जांच में तत्कालीन SSP अजीत सिंह संधू को इस साजिश का मुख्य आरोपी बताया गया था। हालांकि, मुकदमे की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

केस के दौरान कई आरोपी पुलिसकर्मियों की भी मौत

इस मामले की सुनवाई में दशकों का समय लग गया। अपहरण के लिए पहुंची पुलिस टीम के तीन आरोपी पुलिसकर्मियों की भी मुकदमे के दौरान मौत हो गई।

वहीं, मामले का मुख्य आरोपी बताया गया तत्कालीन SSP अजीत सिंह संधू भी जीवित नहीं रहा। इसके बावजूद कानूनी लड़ाई जारी रही और आखिरकार अदालत ने पूर्व DSP एवं SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी ठहराया।

कोर्ट रिकॉर्ड से गायब हो गए थे अहम दस्तावेज

इस मामले की सुनवाई के दौरान साल 2022 में एक और गंभीर स्थिति सामने आई। CBI की ओर से अदालत में पेश किए गए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रिकॉर्ड से गायब पाए गए।

इनमें गवाहों के बयान, शादी समारोह की तस्वीरें और वीडियो तथा आरोपी पुलिस अधिकारियों के वाहनों की लॉगबुक जैसी सामग्री शामिल थी।

इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर अदालत का रिकॉर्ड दोबारा तैयार किया गया। पीड़ित परिवार के वकीलों ने आरोप लगाया कि कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मामले से जुड़े दस्तावेज गायब करवाए गए थे।

ये भी पढ़ें…

पूर्व SSP को 7 साल की सजा

करीब 34 साल तक चले इस मामले में मोहाली की विशेष CBI अदालत ने पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार देते हुए सात साल की कैद की सजा सुनाई। वहीं, आरोपी सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को पर्याप्त सबूत नहीं मिलने के कारण संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें