Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

फरीदाबाद में स्वच्छ ईंधन से ही चलेंगे होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर

November 12, 2026

फरीदाबाद में स्वच्छ ईंधन से ही चलेंगे होटल-रेस्टोरेंट के तंदूर

Faridabad Bans Coal and Wood-Fired Tandoors : फरीदाबाद। वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अब फरीदाबाद के होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में तंदूर जलाने के लिए कोयला और लकड़ी का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। जिलाधीश आयुष सिन्हा ने सभी प्रतिष्ठानों को बिजली, गैस या अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला व लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर लागू प्रतिबंध के सख्त अनुपालन का प्रावधान किया गया है। इसके तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को बिजली आधारित, गैस आधारित अथवा अन्य अनुमत स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का उपयोग करना अनिवार्य है। आदेश में माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए अनुमोदित ईंधनों की मानक सूची निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य स्वच्छ ईंधनों को बढ़ावा देना तथा वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना है।

इसके अनुपालन में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा 21 जुलाई 2022 को आदेश जारी कर एनसीआर तथा गैर-एनसीआर क्षेत्रों के लिए अनुमोदित ईंधनों की सूची को अपनाया गया है। उक्त आदेश के अनुसार एनसीआर क्षेत्र में अनुमोदित ईंधनों की सूची एक जनवरी-2023 से पूर्ण तरह से प्रतिबंध है। जिलाधीश आयुष सिन्हा ने कहा है कि पारंपरिक तंदूरों में कोयला एवं लकड़ी जलाने से पार्टिकुलेट मैटर सहित विभिन्न वायु प्रदूषकों का उत्सर्जन होता है, जिससे विशेषकर वायु गुणवत्ता खराब होने की अवधि में पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के लिए जारी निर्देशों का प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन आवश्यक है।

जिलाधीश आयुष सिन्हा द्वारा जारी निर्देशों के तहत नगर निगम फरीदाबाद तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फरीदाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला एवं लकड़ी के उपयोग पर रोक का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, इन प्रतिष्ठानों में बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों के उपयोग की भी जांच की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें