
अमृतसरः मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में व्यापारियों को बेहतर माल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से आज मोगा (पंजाब) से मिर्जा रेलवे स्टेशन (असम) तक एक इंडेंटेड-पार्सल-कार्गो ट्रेन का सफल संचालन किया गया। इस इंडेंटेड-पार्सल-ट्रेन के माध्यम से नूडल्स, सॉस सहित विभिन्न पैकेज्ड खाद्य पदार्थ माल का परिवहन किया गया है। इस माल परिवहन से फिरोजपुर मंडल को 26.51 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल की विश्वसनीय एवं समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों के लिए सुविधाजनक और लाभकारी सिद्ध हो रही है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के निरंतर प्रयासों से पारंपरिक वस्तुओं के साथ-साथ विभिन्न नई वस्तुओं का भी रेल मार्ग से परिवहन किया जा रहा है।
फिरोजपुर मंडल द्वारा छठ पर्व को देखते हुए रेलयात्रियों के सुविधाजनक आवागमन 12 नवम्बर को तीन त्यौहार स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा। त्यौहार स्पेशल 04664 जो लुधियाना से गया के लिए सुबह 06:30 बजे, त्यौहार स्पेशल 05006 जलंधर सिटी से बढ़नी के लिए सुबह 10:50 बजे तथा त्यौहार स्पेशल 04634 जो फिरोजपुर कैंट से पूर्णिया के लिए शाम 17:30 बजे चलेगी। त्यौहार स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ पूर्व की ओर जानेवाली नियमित निर्धारित ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। रेलयात्रियों से अनुरोध है कि इन ट्रेनों का लाभ उठायें।
छठ पर्व के भक्तिमय गीतों से गूंजते फिरोजपुर मंडल के रेलवे स्टेशन यात्रियों को गांव की मिट्टी की खुशबू, अपनों के स्नेह और घर वापसी की सुखद अनुभूति से सराबोर कर रहे हैं। फिरोजपुर मंडल के रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी 24×7 मुस्तैदी के साथ यात्रियों की सेवा में समर्पित हैं, ताकि छठ पर्व पर घर जाने वाले प्रत्येक यात्री की यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित हो।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)