Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत की आपत्ति के बाद बांग्लादेश में चीनी व्लॉगर्स पर शिकंजा, ढाका की झुग्गियों को बताते थे ‘दिल्ली’

November 12, 2026

भारत की आपत्ति के बाद बांग्लादेश में चीनी व्लॉगर्स पर शिकंजा, ढाका की झुग्गियों को बताते थे ‘दिल्ली’

ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में चीनी वीडियो व्लॉगर्स की गतिविधियों को लेकर विवाद बढ़ने के बाद स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। आरोप है कि कुछ चीनी व्लॉगर्स ढाका के गरीब और झुग्गी-बस्ती वाले इलाकों के वीडियो बनाकर उन्हें चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत की राजधानी नई दिल्ली का इलाका बताकर दिखा रहे थे। इतना ही नहीं, वे वहां रहने वाले लोगों की जीवनशैली पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कर रहे थे। इस मामले पर भारत की ओर से कड़ी आपत्ति जताए जाने के बाद बांग्लादेश में इन व्लॉगर्स की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाके में सक्रिय थे चीनी नागरिक

बांग्लादेशी अखबार ‘प्रोथोम आलो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में करीब 150 चीनी नागरिक सक्रिय थे। ये लोग वहां की संकरी गलियों, गरीब बस्तियों और कम आय वाले परिवारों के रहन-सहन के वीडियो बनाते थे। बाद में इन वीडियो को चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव दिखाया जाता था। आरोप है कि इन वीडियो में ढाका के अलग-अलग इलाकों को नई दिल्ली बताकर पेश किया जाता था। इसके जरिए भारत की छवि को गलत तरीके से दिखाने की कोशिश की जा रही थी। कई व्लॉगर्स स्थानीय लोगों के रहन-सहन को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां भी करते थे।

स्थानीय लोगों के घरों तक पहुंचकर बनाते थे वीडियो

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कुछ चीनी व्लॉगर्स वीडियो बनाने के दौरान स्थानीय लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच जाते थे। वहां रहने वाले लोगों को यह जानकारी भी नहीं होती थी कि उनके घरों और आसपास के इलाकों की रिकॉर्डिंग कहां दिखाई जा रही है और किस तरह इस्तेमाल की जा रही है। इससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बढ़ रही थी। लोगों का कहना था कि उनकी बिना जानकारी के वीडियो बनाए जा रहे थे और उन्हें सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा था।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने बढ़ाई निगरानी

प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने बताया कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों के हस्तक्षेप के बाद चीनी व्लॉगर्स की गतिविधियों में कमी आई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इन चीनी नागरिकों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि पिछले कुछ दिनों से टेकपारा और उत्तरा इलाके में चीनी व्लॉगर्स दिखाई नहीं दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने सुनाई अपनी आपबीती

टेकपारा के रहने वाले मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह बीमारी के कारण पिछले दो दिनों से घर पर हैं और इस दौरान उन्होंने किसी चीनी नागरिक को इलाके में आते-जाते नहीं देखा। वहीं, रिक्शा चालक इमामुल इस्लाम ने बताया कि उत्तरा के सेक्टर-12 के पास नहर पर बना एक पुल चीनी नागरिकों के लिए वीडियो बनाने और छिपने की जगह जैसा था। उनके मुताबिक, ये लोग दिन-रात स्थानीय लोगों और वहां से गुजरने वाले यात्रियों की वीडियो रिकॉर्डिंग करते रहते थे। हालांकि, काफी समय से वे वहां नजर नहीं आए हैं।

दुष्प्रचार अभियान की आशंका, जांच को लेकर स्थिति साफ नहीं

इस पूरे मामले को लेकर आशंका जताई जा रही है कि ढाका के इलाकों को भारत का हिस्सा बताकर वीडियो बनाने के पीछे किसी तरह की सुनियोजित दुष्प्रचार की कोशिश हो सकती है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बांग्लादेशी अधिकारियों ने इस मामले में औपचारिक जांच शुरू की है या नहीं। इसके अलावा, यह भी साफ नहीं है कि संबंधित चीनी नागरिकों के खिलाफ वीजा नियमों के उल्लंघन को लेकर कोई कार्रवाई की गई है या नहीं। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियों की निगरानी जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें