
नई दिल्ली : राष्ट्रीय जांच एजैंसी (एनआईए) ने इस साल जुलाई में पंजाब के संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पैट्रोल बम से किए गए हमले के पीछे खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) की साजिश की जांच करने के लिए मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने वीरवार को यह जानकारी दी। घटना 26 जुलाई को हुई थी। पंजाब पुलिस ने संगरूर के उपली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर पैट्रोल बम से हमले के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर एफआईआर दर्ज की। आरोप है कि इस हमले का मकसद आग लगाकर अधिक से अधिक नुक्सान पहुंचाना था।
पुलिस ने बताया था कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। जांच के दौरान राज्य पुलिस ने 2 आरोपियों हैप्पी सिंह और जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने अपनी एफआईआर में कहा है कि जांच में पता चला कि पड़ोसी देश में मौजूद आतंकवादियों के आका ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों आरोपियों को अपने साथ जोड़ा था। एफआईआर में कहा गया है कि यह हमला खालिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा रची गई साजिश के तहत किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए ने इस मामले की जांच का जिम्मा संभाला था।