
एंटरटेनमेंट डेस्क: छठ पूजा से पहले, आयुष्मान खुराना सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के खास गाने ‘बुलाए छठी मां’ के जरिए इस पर्व की भावना का जश्न मना रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ शरवरी भी नजर आएंगी। यह गाना छठ पूजा से जुड़ी आस्था, भक्ति और परंपराओं को खूबसूरती से दर्शाता है और भारत के सबसे प्रतिष्ठित त्योहारों में से एक छठ पूजा के भावनात्मक महत्व की झलक पेश करता है।
बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बड़े ही श्रद्धाभाव से मनाए जाने वाले इस पर्व को देशभर के लोग मनाते हैं, जिनमें दिल्ली और मुंबई से लेकर पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अन्य क्षेत्रों के समुदाय भी शामिल हैं।
आयुष्मान के लिए यह गाना खास मायने रखता है, क्योंकि इसके जरिए उन्हें पहली बार छठ पूजा को करीब से अनुभव करने का मौका मिला। पंजाबी परिवार से आने वाले अभिनेता ने इससे पहले कभी यह त्योहार नहीं मनाया था। फिल्म की शूटिंग के दौरान इस परंपरा का हिस्सा बनना उनके लिए एक नया और बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव रहा।
शूटिंग के अनुभव को याद करते हुए आयुष्मान खुराना ने कहा, “एक पंजाबी होने के नाते मैंने इससे पहले कभी छठ पूजा नहीं मनाई थी, इसलिए पहली बार इस त्योहार का अनुभव करना मेरे लिए बेहद खास था।
मुझे सबसे ज्यादा जो बात प्रभावित कर गई, वह थी छठ से जुड़ी भावनाएं और उसका महत्व, साथ ही यह त्योहार कितनी खूबसूरती से लोगों को एक साथ लाता है। हर रस्म का अपना एक खास अर्थ है और उसके पीछे अटूट आस्था और भक्ति जुड़ी हुई है। मेरे लिए यह सिर्फ एक गाने की शूटिंग से कहीं बढ़कर था; मुझे एक ऐसी खूबसूरत परंपरा का हिस्सा बनने का मौका मिला, जो मेरे लिए पूरी तरह नई थी।
छठ पूजा के क्लाइमैक्स सीक्वेंस की शूटिंग से पहले एक बेहद खास पल भी आया। सूरजजी ने पूरी कास्ट को एक साथ बुलाया और हमारे लिए छठ पूजा का गाना बजाया। वह इतना भावुक कर देने वाला पल था कि सभी की आंखों में आंसू आ गए।
वह पल हम सभी के साथ रह गया और इस सीक्वेंस को और भी ज्यादा अर्थपूर्ण बना गया। पूरी कास्ट सूरजजी के छठ पूजा के सीक्वेंस को पेश करने के तरीके और इसकी परंपराओं व भावनाओं को सबसे वास्तविक रूप में पर्दे पर उतारने के लिए उन्होंने जिस अहमियत के साथ काम किया, उससे बेहद प्रभावित हुई।”
देशभर में लाखों श्रद्धालु छठ पूजा मनाते हैं, खासकर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में। यह गाना इस पर्व के मूल में मौजूद आस्था, कृतज्ञता और एकजुटता की भावना को खूबसूरती से दर्शाता है। ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ आयुष्मान सूरज बड़जात्या की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
सूरज बड़जात्या ऐसे फिल्ममेकर हैं, जो अपने सिनेमा के जरिए परिवार, त्योहारों और हमें आपस में जोड़ने वाली परंपराओं का उत्सव मनाते आए हैं। इस फिल्म में संगीत और भावनाओं के संगम के जरिए भारत की सांस्कृतिक विरासत की भावना को पर्दे पर जीवंत किया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...