
रामपुर बुशहर: अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी लोक संस्कृति और हिमाचली संगीत के नाम रही। रामपुर बुशहर में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके पहुंचने पर मेला समिति और जिला प्रशासन की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला परिसर पहाड़ी गीत-संगीत की धुनों से गूंज उठा।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण हिमाचल के लोकप्रिय लोक गायक एवं नाटी किंग कुलदीप शर्मा रहे। उन्होंने अपनी एक से बढ़कर एक पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनके गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए और लोगों ने पहाड़ी संगीत का भरपूर आनंद लिया। कुलदीप शर्मा की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या में विशेष रंग भर दिया। उनके गीतों के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके अलावा पहाड़ी संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा, डिम्पल ठाकुर, ऋषभ सलोत्रा और कुमारी अंजली नानक ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रदेश के स्थानीय और उभरते कलाकारों को भी इस मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। कलाकारों ने लोक संस्कृति, पारंपरिक संगीत और आधुनिक पहाड़ी गीतों का सुंदर मिश्रण प्रस्तुत कर तीसरी सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्यातिथि विक्रमादित्य सिंह को किन्नौरी टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, पूर्व विधायक आनी किशोरी लाल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, मेला समिति के सचिव एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्र प्रभा नेगी और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर बुशहर की ऐतिहासिक पहचान और समृद्ध व्यापारिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मेले के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जहां हिमाचल की लोक संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं प्रदेश के स्थापित और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए भी मंच मिल रहा है। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में उमड़ी दर्शकों की भीड़ ने एक बार फिर पहाड़ी लोक संगीत के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाया।
📍 Location: शिमला (शिमला)