Last Updated: November 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा में ईवीएम की जांच शुरू, 15 दिन चलेगी प्रक्रिया

November 14, 2026

मोगा में ईवीएम की जांच शुरू, 15 दिन चलेगी प्रक्रिया

EVM Inspection Begins in Moga : मोगा। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत जिले में 12 नवंबर से ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) शुरू हो गई है। बीईएल के छह इंजीनियर मशीनों की जांच कर रहे हैं।

इसी कड़ी में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य जिला मोगा में 12 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है। इस प्रक्रिया को पूरी गंभीरता और तकनीकी मानकों के अनुसार संपन्न करवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से बीईएल (भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) कंपनी के छह इंजीनियर तैनात किए गए हैं, जो ईवीएम की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

जांच प्रक्रिया की प्रगति और पारदर्शिता का जायजा लेने के लिए जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने तीसरी मंजिल, सी-ब्लॉक, चिनाब-झेलम स्थित जिला स्तरीय ईवीएम वेयरहाउस और एफएलसी हॉल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों से जांच के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। उन्होंने मशीनों की जांच के लिए अपनाई जा रही तकनीकी प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों और इंजीनियरों द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना की।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य निर्धारित नियमों और तकनीकी मानकों के तहत करवाया जा रहा है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान इस्तेमाल होने वाली प्रत्येक मशीन पूरी तरह से कार्यशील और तकनीकी रूप से सही हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता, सावधानी और निर्धारित दिशा-निर्देशों का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने बताया कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया लगभग 15 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान जिले की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को भी शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है, ताकि मशीनों की जांच का पूरा कार्य उनकी मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से चुनावी प्रक्रिया को लेकर विश्वास और मजबूत होगा। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया के अंतिम चरण में कुछ ईवीएम का चयन रैंडम यानी बेतरतीब तरीके से किया जाएगा। इन चयनित मशीनों पर मॉक पोल करवाकर उनकी कार्यप्रणाली की जांच की जाएगी।

इस दौरान भी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को शामिल होने का अवसर दिया जाएगा, ताकि वे अपनी मौजूदगी में मशीनों की कार्यक्षमता को देख सकें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए जिला प्रशासन भारत निर्वाचन आयोग की प्रत्येक हिदायत का पूरी तरह पालन कर रहा है। ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच से लेकर मॉक पोल तक सभी गतिविधियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करवाई जाएंगी। डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें