Last Updated: November 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘शरद पवार और सुप्रिया सुले अमित शाह के साथ नहीं जाएंगे’, NCP विलय पर संजय राउत का बड़ा बयान

November 14, 2026

‘शरद पवार और सुप्रिया सुले अमित शाह के साथ नहीं जाएंगे’, NCP विलय पर संजय राउत का बड़ा बयान

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले अजित पवार के नेतृत्व वाले NCP गुट में शामिल नहीं होंगे। राउत ने यह भी दावा किया कि असली NCP वही है, जिसका नेतृत्व शरद पवार कर रहे हैं।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी है, जबकि दूसरा गुट केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पार्टी यानी बीजेपी के साथ है। राउत ने कहा कि शरद पवार और सुप्रिया सुले अमित शाह के साथ जाने वाले NCP गुट में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने दोनों गुटों के बीच राजनीतिक अंतर बताते हुए कहा कि एक गुट सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रहा है, जबकि दूसरा सत्ता हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहा है।

सुप्रिया सुले पहले ही विलय की खबरों को कर चुकी हैं खारिज

दरअसल, संजय राउत का यह बयान सुप्रिया सुले के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने NCP के दोनों गुटों के विलय की चर्चाओं को खारिज कर दिया था। सुप्रिया सुले ने कहा था कि उनके भाई और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के जीवित रहने तक दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। इस संबंध में तारीख भी तय हो गई थी। लेकिन अजित पवार के निधन के बाद यह चर्चा पूरी तरह खत्म हो गई है।

उन्होंने यह भी साफ किया था कि अजित पवार गुट की ओर से उन्हें विलय को लेकर कोई फोन, संदेश या ईमेल नहीं मिला है। गौरतलब है कि 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान अजित पवार को ले जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में उनकी मौत हो गई थी।

सुनील तटकरे ने भी विलय की चर्चाओं पर लगाया विराम

इससे पहले महाराष्ट्र NCP के अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने भी दोनों गुटों के विलय की खबरों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी में किसी भी स्तर पर NCP (शरदचंद्र पवार) के साथ विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है। तटकरे के मुताबिक, हाल ही में NCP के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ शिष्टाचार मुलाकात थी।

उन्होंने कहा कि शरद पवार ने करीब 60 साल तक राष्ट्रीय राजनीति में योगदान दिया है। उनकी उम्र 86 साल है और स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता। ऐसे में प्रफुल्ल पटेल उनका हालचाल जानने और उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इस मुलाकात का कोई राजनीतिक मकसद नहीं था।

NDA छोड़ने के मूड में नहीं NCP: सुनील तटकरे

सुनील तटकरे ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि काफी सोच-विचार के बाद उनकी पार्टी NDA में शामिल हुई थी और आगे भी गठबंधन के साथ ही रहेगी। उन्होंने शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि NCP के 20 से 22 विधायक पाला बदलने की तैयारी में हैं। तटकरे ने राउत के दावे को बेबुनियाद बताया और उन पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की।

अजित पवार ने विलय को लेकर की थी चर्चा

तटकरे ने अपने पुराने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी ओर से कोई भ्रम नहीं फैलाया गया था। उन्होंने बताया कि दिवंगत अजित पवार ने 12 फरवरी को उनसे NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर विस्तार से बातचीत की थी। तटकरे के अनुसार, अजित पवार ने विलय के बाद की राजनीतिक व्यवस्था और उसके फॉर्मूले पर भी चर्चा की थी। हालांकि, अब पार्टी में विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हो रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें