
Agriculture Department Promotes Direct Wheat Sowing : अमृतसर। धान की पराली जलाने की समस्या पर अंकुश लगाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने किसानों को जागरूक करने की मुहिम तेज कर दी है। मुख्य कृषि अधिकारी अमरजीत सिंह दुसांझ के नेतृत्व में जिले के विभिन्न गांवों में गेहूं की सीधी बिजाई के प्रदर्शन प्लॉट लगाए जा रहे हैं। इन प्लॉटों के माध्यम से किसानों को बताया जा रहा है कि सुपर सीडर और हैप्पी सीडर जैसी आधुनिक मशीनों की मदद से पराली जलाए बिना गेहूं की बिजाई की जा सकती है। इससे न केवल वायु प्रदूषण रोकने में मदद मिलती है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता, नमी बनाए रखने की क्षमता और कृषि उत्पादन में भी सुधार होता है।
इसी अभियान के तहत कृषि विभाग द्वारा जिले में गेहूं की सीधी बिजाई संबंधी किसानों के खेतों में प्रदर्शन प्लॉट लगाए जा रहे हैं। इन प्रदर्शन प्लॉटों का मुख्य उद्देश्य किसानों को पराली का उचित प्रबंधन करके पर्यावरण संरक्षण तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है। इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य कृषि अधिकारी स. अमरजीत सिंह दुसांझ ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से सी.आर.एम. योजना के तहत सुपर सीडर, हैप्पी सीडर आदि मशीनें किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई गई हैं, जो पराली के उचित प्रबंधन में काफी लाभदायक साबित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि सुपर सीडर के उपयोग से धान की पराली वाले खेतों में बिना पराली जलाए गेहूं की सीधी बिजाई की जा सकती है। इस मशीन के माध्यम से पराली का अवशेष खेत में ही मिट्टी में मिल जाता है, जो सड़ने-गलने के बाद मिट्टी में जैविक पदार्थ और पोषक तत्वों की वृद्धि करने में सहायक होता है। इससे मिट्टी की संरचना, नमी बनाए रखने की क्षमता तथा उपजाऊ शक्ति में भी सुधार होता है। इस अवसर पर ब्लॉक कृषि अधिकारी मजीठा स. हरभिंदर सिंह ने किसानों से अपील की कि वे धान की पराली को आग लगाने से गुरेज करें, क्योंकि इससे वातावरण में हानिकारक गैसें और धुआं फैलता है।
इससे वायु प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ मनुष्यों और पशुओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद आवश्यक पोषक तत्वों के साथ-साथ लाभदायक सूक्ष्म जीव भी नष्ट हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की उपजाऊ शक्ति प्रभावित होती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि पराली को आग लगाने के बजाय कृषि मशीनरी का अधिक से अधिक उपयोग करके इसका उचित प्रबंधन करें और पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर कृषि अधिकारी स. हरजिंदर सिंह, कृषि विकास अधिकारी स. शरणजीत सिंह, कृषि विस्तार अधिकारी स. करमजीत सिंह और स. तिलक राज, कृषि उप-निरीक्षक स. निर्मल सिंह, स. बख्शदेव सिंह कोटला खुर्द सहित अन्य प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।