
तरनतारन: जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा नौशहरा पन्नूआं के पास भीषण हादसा हुआ। दरअसल यहां मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा से जुड़ी दो बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। इनमें से 10 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बसें फिरोजपुर से श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर में माथा टेकने के लिए लेकर जा रही थीं। जब बसें राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौशहरा पन्नूआं के पास पहुंचीं तो डिवाइडर के बीच से गुजर रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में आगे चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी तीर्थ यात्रा बस उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।
हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकाल घोषित कर दिया और सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों को भी इमरजेंसी वार्ड में बुला लिया गया, ताकि घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध करवाया जा सके। घायलों को नौशहरा पन्नूआं से अस्पताल पहुंचाने के दौरान रास्ते में ट्रैफिक जाम के कारण तीन एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे राहत कार्य में परेशानी आई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
हादसे के कारणों की जा रही जांचः एसएसपी
हादसे को लेकर एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पुलिस और अन्य राहत टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।