Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND vs NZ ODI: भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से दी मात, सीरिज पर 3-1 जमाया कब्जा

November 15, 2026

IND vs NZ ODI: भारत ने न्यूजीलैंड को 22 रन से दी मात, सीरिज पर 3-1 जमाया कब्जा

खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को पांचवें वनडे मुकाबले में 22 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के सामने 210 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में कीवी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को दो-दो सफलताएं मिलीं।

माउंट मॉन्गानुई में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से अक्षर पटेल और ईशान किशन ने सर्वाधिक 46-46 रन बनाए। वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर और नमन धीर ने 22-22 रनों का योगदान दिया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 18 रन बनाए। मोहम्मद सिराज 20 गेंदों में 14 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अर्शदीप सिंह ने महज 4 गेंदों में 14 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर और जैकब डफी ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। मैथ्यू फिशर को दो विकेट मिले, जबकि ब्लेयर टिकनर और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 187 रनों पर ढेर हो गई। अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लेकर कीवी बल्लेबाजी को झटका दिया। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने भी दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड का अपने घर में लगातार 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने का सिलसिला तोड़ दिया। साल 2019 के बाद यह पहला मौका है, जब न्यूजीलैंड को घरेलू मैदान पर किसी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा मुख्य कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने पहली बार विदेशी सरजमीं पर वनडे सीरीज जीतने का गौरव हासिल किया।

प्लेइंग इलेवन

भारत: रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और यश ठाकुर।

न्यूजीलैंड: विल यंग, ​​टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, फिन ऐलन, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), क्रिस्टियन क्लार्क, ब्लेयर टिकनर, जैकब डफी और मैथ्यू फिशर।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें