Last Updated: November 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

साइकिल के पुर्जे बनाने से शुरू हुआ सफर; अब एआई पर बड़ा दांव लगाएंगे सुनील मित्तल

November 16, 2026

साइकिल के पुर्जे बनाने से शुरू हुआ सफर; अब एआई पर बड़ा दांव लगाएंगे सुनील मित्तल

नई दिल्ली : लुधियाना में 1976 में महज 18 साल की उम्र में साइकिल के पुर्जे बनाने से कारोबार शुरू करने वाले सुनील भारती मित्तल अब कृत्रिम मेधा (एआई), क्लाऊड कंप्यूटिंग और सैटेलाइट संचार पर बड़ा दांव लगाने की तैयारी में हैं। भारती समूह अपनी स्थापना के 50 साल पूरे कर रहा है। इस मौके पर मित्तल का लक्ष्य एयरटैल को दूरसंचार कंपनी से आगे बढ़ाकर एक व्यापक प्रौद्योगिकी कंपनी बनाना है।मित्तल ने कहा कि भारत में मोबाइल सेवाओं से प्रति ग्राहक औसत कमाई (एआरपीयू) बढ़कर करीब 350 रुपए प्रतिमाह होनी चाहिए।

उनके अनुसार, बढ़ती परिचालन लागत और नैटवर्क विस्तार की जरूरतों को देखते हुए यह उचित स्तर है। एयरटैल का सितंबर तिमाही में मोबाइल एआरपीयू 271 रुपए रहा, जबकि एक साल पहले यह 256 रुपए था। उन्होंने कहा कि भारत में डिजिटल अर्थव्यवस्था की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए दूरसंचार कंपनियों की आर्थिक स्थिति मजबूत होना जरूरी है। इसके लिए नैटवर्क, फाइबर और अन्य बुनियादी ढांचे में बड़े निवेश की आवश्यकता है।

मित्तल के मुताबिक, भारत में करीब 3.5 लाख मोबाइल टावर हैं, जबकि चीन में इनकी संख्या 10 लाख से अधिक है। भारत को अपने टावरों की संख्या कम से कम दोगुनी करनी चाहिए। इसके अलावा डाटा सैंटर, समुद्र के भीतर संचार केबल और सैटेलाइट नैटवर्क का भी विस्तार करना होगा। उन्होंने कहा कि एयरटैल की भविष्य की योजना में एआई कंप्यूटिंग, सॉवरेन क्लाऊड, डिजिटल वित्तीय सेवाएं और घरों तक फाइबर कनैक्शन पहुंचाना शामिल है।

कंपनी दूरदराज के इलाकों में इंटरनैट उपलब्ध कराने के लिए सैटेलाइट संचार पर भी काम कर रही है। मित्तल ने 6जी और सैंसिंग नैटवर्क को भविष्य की महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी बताया। उनका मानना है कि आने वाले 3 से 5 वर्षों में इन क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा। भारत में 3 निजी दूरसंचार कंपनियां और सरकारी कंपनी बीएसएनएल उद्योग के लिए पर्याप्त हैं। एयरटैल की सफलता का श्रेय उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें